
डिजिटल डेस्क। विंध्य क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को शहडोल जिले के ब्यौहारी में आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्यस्तरीय समारोह के दौरान कटनी से सिंगरौली तक नई फोरलेन सड़क बनाने की बड़ी घोषणा की है।
यह फोरलेन मार्ग विजयसोता और बरगवां होते हुए सिंगरौली को जोड़ेगा, जिससे पूरे अंचल के औद्योगिक, व्यापारिक और यात्री आवागमन को नई गति मिलेगी।
फोरलेन परियोजना के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की आंतरिक सड़कों को सुगम बनाने के लिए भी खजाना खोला है। उन्होंने तीन प्रमुख ग्रामीण सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी है, जिन पर कुल 46 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
इसके तहत सरसी मुख्य मार्ग से खड़ेह मंदिर तक 18 करोड़ रुपए, जामुनी से खड़ेह मंदिर तक 13 करोड़ रुपए और दुआरी से गांधिया तक 15 करोड़ रुपए की लागत से पक्की सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मऊ से चरखारी मार्ग के निर्माण को भी हरी झंडी दी गई है।
सड़क परियोजनाओं के अलावा मुख्यमंत्री ने शहडोल जिले को कुल 357.71 करोड़ रुपए की लागत वाले 82 विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देते हुए उनका लोकार्पण और भूमिपूजन किया। पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीएम ने संजय गांधी टाइगर रिजर्व में ब्यौहारी की ओर से एक नया पर्यटन प्रवेश द्वार (गेट) विकसित करने का भी एलान किया। इससे क्षेत्र में सैलानियों की आवाजाही बढ़ेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
यह भी पढ़ें- भोपाल, इंदौर और जबलपुर रेल इकाइयों में अफसरों की कमी; SP-DSP के 12 पदों में से 5 खाली, कामकाज ठप