
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव में गुरुवार को बंद कमरे के अंदर मां-बेटी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों शव करीब पांच दिन पुराने बताए जा रहे हैं। घर से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने महिला के रिश्तेदार को सूचना दी, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।जानकारी के अनुसार नवागांव के एक घर में बाहर से ताला लगा हुआ था और अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना महिला के रिश्तेदार को दी जो अहमदाबाद में रहता है। रिश्तेदार ने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंची और घर के बाहर लगा ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में दो शव पड़े मिले।मृतकों की पहचान रुचि रजक (30) और उसकी मां सावित्री पत्नी प्रेमलाल (50) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार रुचि का मायका सीधी जिले के मझौली में है। उसकी शादी वर्ष 2025 में नवागांव में हुई थी और वह पति के साथ रह रही थी। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रविवार को रुचि की मां सावित्री बेटी को मायके ले जाने के लिए नवागांव आई थी। इसी बात को लेकर रुचि के पति से विवाद होने की जानकारी सामने आई है।
आशंका है कि विवाद के बाद पति ने पत्नी और सास की हत्या कर दी और घटना को अंजाम देने के बाद घर में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे रविवार रात गांव से जाते हुए देखने की बात भी पुलिस को बताई है। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं।
दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के मामले में रुचि के पति पर संदेह है। वह फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर घटना का पूरा खुलासा किया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- शहडोल के ब्यौहारी में पिता ने की कुल्हाड़ी से बेटे की हत्या, खेत में काम के दौरान विवाद में वारदात