
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। कोतवाली थाना क्षेत्र के बुढ़ार रोड स्थित के-स्क्वायर माॅल में फिल्म देखने आए एक परिवार को लिफ्ट में फंसने का सामना करना पड़ा। पति-पत्नी और उनका बच्चा करीब 15 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे।
उमरिया जिले के पाली निवासी सुनील कुमार मिश्रा अपनी पत्नी और बच्चे के साथ के-स्क्वायर थिएटर में फिल्म देखने पहुंचे थे। लिफ्ट ऊपर जाते समय अचानक रुक गई।
पुलिस के अनुसार, परिवार बाहर निकलने के बाद काफी घबराया हुआ था। परिवार ने माॅल प्रबंधन को घटना की जानकारी दी।
माॅल संचालक बलमीत सिंह खनूजा ने बताया कि उन्हें शुरुआत में घटना की जानकारी नहीं थी। बाद में मैनेजर पंकज पांडे से जानकारी ली गई। संचालक ने कहा कि बच्चे ने लिफ्ट के अंदर कई बटन दबा दिए थे, जिससे तकनीकी कारणों से लिफ्ट रुक गई।
लिफ्ट में कर्मचारियों के संपर्क नंबर लिखे हैं, लेकिन लाइट बंद होने से नंबर दिखाई नहीं दिए, इसलिए परिवार ने पुलिस 112 पर काॅल किया।
नगर पालिका के बिल्डिंग अधिकारी शरद द्विवेदी ने बताया कि के-स्क्वायर में लगी लिफ्ट का इंजीनियर ऑडिट करता है और इसकी जानकारी नगर पालिका को देनी होती है। फिलहाल आडिट संबंधी जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। मामले का संज्ञान लेकर जानकारी ली जाएगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में रेलवे का तार चुराने के बाद जलाकर निकालते थे तांबा, बर्तन व्यापारी को बेचते आरपीएफ ने दबोचा