
नईदुनिया प्रतिनिशि, शहडोल। जिले में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री पोस्ट करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। इसी क्रम में बुढार थाना क्षेत्र के बिरूहली गांव में फेसबुक पर अश्लील वीडियो अपलोड करने के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी रजनीश तिवारी सोशल मीडिया की मानिटरिंग कर रहे थे, तभी फेसबुक पर आपत्तिजनक वीडियो सामने आया। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की मदद ली गई।
तकनीकी जांच के बाद वीडियो अपलोड करने वालों की पहचान बिरूहली निवासी सुमित केवट, सत्यम केवट, किशन लेवर और राहुल केवट के रूप में हुई।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद तहसील न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले में सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अश्लील, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री अपलोड, शेयर या प्रसारित करने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।