
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ीखुर्द के कुदरा टोला में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से निकलकर मोहल्ले में ही दूसरी जगह जाकर सो गया। सुबह जब आरोपी का भाई घर पहुंचा तो महिला का शव देखकर घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
गांव के लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी रामकुमार बैगा (47) किसी बात को लेकर अपनी पत्नी गुड़िया बैगा से विवाद हो गया था।
विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर रामकुमार ने लाठी-डंडे और फावड़े से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के चलते महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी घर पर रुकने के बजाय मोहल्ले में ही दूसरी जगह चला गया और वहां सो गया।
धनपुरी थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के शव का पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। आरोपित पति को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी के पुत्र से फोन पर संपर्क किया। भतीजे के साथ दोनों ने पुलिस तक पहुंचकर घटना की सूचना दी। इस बीच गांव के लोगों को भी वारदात की जानकारी मिल गई और उन्होंने रामकुमार को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से लेकर हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़ें- देश की पहली रेड कार्पेट सड़क बदहाल, 122 करोड़ में वन्यजीवों के लिए हुई थी तैयार; विशेष मार्किंग उखड़ी