
नईदुनिया प्रतिनिधि शहडोल। बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर रखे करीब 80 हजार रुपये और चांदी के जेवर एक झटके में घर से गायब हो गए। बुढार थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात से विधवा महिला के परिवार में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले को चुनौती की तरह लेते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोच लिया और करीब 80 हजार रुपये बरामद कर लिए।
पीड़िता सुमन सोनकर पति स्व. बेटालाल सोनकर,( 40) , वार्ड क्रमांक 5 बुढार में रहती हैं। वह मजदूरी कर परिवार चलाती हैं। अपनी बेटी की शादी के लिए वह थोड़ी-थोड़ी रकम बचाकर घर में रख रही थीं।
घटना वाली रात वह घर के दूसरे कमरे में सो रही थीं, तभी अज्ञात चोर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और नकद व चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया। थाने पहुंचकर जब महिला ने फरियाद सुनाई तो वह फूट-फूटकर रो पड़ी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डाॅ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश और एसडीओपी विकास पांडे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रजनीश तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सुनील सिंह पर संदेह हुआ। वह बुढार में एसबीआई बैंक के पीछे वार्ड क्रमांक 5 में रहता है और एक होटल में काम करता है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में होटल में काम करता और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी करना कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर 61 हजार रुपये नकद और चांदी के जेवरात सहित कुल करीब 80 हजार रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रजनीश तिवारी, सउनि क्लेमेंट जोन, सउनि रविदास, राजा भैया बागरी, प्र.आर. दशरथ प्रजापति, धर्मेन्द्र सिंह, आर. सुरजीत जाट, नरेन्द्र सिंह एवं आर. श्रीकांत की सराहनीय भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- संविदा कर्मियों को 50% आरक्षण का मामला पहुंचा हाई कोर्ट, राज्य सरकार और कर्मचारी चयन मंडल को नोटिस जारी