शहडोल में अब एआई संभालेगा गर्भवती महिलाओं की निगरानी, खतरे पर तुरंत मिलेगा अलर्ट
‘मातृ साथी’ से आने वाले काॅल पर अपनी स्वास्थ्य स्थिति की सही जानकारी दें। किसी भी समस्या पर तत्काल स्वास्थ्य कार्यकर्ता को जानकारी दें,ताकि समय रहते उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 11:51:32 AM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 11:51:32 AM (IST)
समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर उपचार की व्यवस्था की जाती है। सौजन्य एआईHighLights
- ‘मातृ साथी’ ने 3,649 उच्च जोखिम वाली गर्भवती से संपर्क किया
- मातृ मृत्यु में 52.8 और शिशु मृत्यु में 35.8 प्रतिशत की कमी
- 7,354 का उपचार हुआ,जिसकी सफलता दर 81.9 प्रतिशत
विनोद कुमार शुक्ला, नईदुनिया, शहडोल। जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एआई आधारित फोन साॅफ्टवेयर ‘मातृ साथी’ शुरू किया है।
कलेक्टर पार्थ जायसवाल के मार्गदर्शन में इसी नवंबर से शुरू इस पहल के तहत महिलाओं से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली जाती है। समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर उपचार की व्यवस्था की जाती है। पहले चरण में 09 से 25 नवंबर तक 3,649 महिलाओं को फोन किया गया।
कुल 8,707 प्रयासों में 2,108 फोन जुड़े और 1,669 महिलाओं से संपर्क हुआ। स्वास्थ्य समस्याओं के आधार पर 978 मामले बनाए गए। इनमें 885 यानी करीब 90 प्रतिशत मामलों में संपर्क कर उपचार एवं प्रबंधन के बाद मामला बंद किया गया। शेष 93 मामलों में कार्रवाई जारी है।
गर्भवती महिलाओं से फोन पर संपर्क किया
एआई व्यवस्था से पहले भी जनवरी से नवंबर 2026 तक एएनएम, सीएचओ और चिकित्सा अधिकारियों ने जिले की सभी 10,690 चिन्हित उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं से फोन पर संपर्क किया। मध्यम एनीमिया से पीड़ित 8,975 महिलाओं में 7,354 का उपचार हुआ,जिसकी सफलता दर 81.9 प्रतिशत रही।
गंभीर एनीमिया से पीड़ित 455 में से 426 का उपचार हुआ, सफलता दर 93.6 प्रतिशत रही। गर्भावस्था जनित उच्च रक्तचाप (पीआईएच) से पीड़ित 1,260 महिलाओं में 1,156 का उपचार हुआ, जिसकी सफलता दर 91.7 प्रतिशत रही।
- कुल 10,690 महिलाओं में 8,936 का सफल उपचार एवं प्रबंधन किया गया, यानी 83.6 प्रतिशत।‘मातृ साथी’ फोन के दौरान महिला की बताई स्वास्थ्य समस्या पर संबंधित ब्लाक चिकित्सा अधिकारी (सीबीएमओ) के व्हाट्सएप पर तत्काल संदेश भेजता है।
- सीबीएमओ महिला से संपर्क कर एएनएम, सीएचओ और आशा कार्यकर्ता के जरिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में रेफरल और उपचार सुनिश्चित कराते हैं।
- साफ्टवेयर नीति आयोग के कार्यक्रम के तहत मिले वित्तीय सहयोग से विकसित किया गया है। इसके निर्माण और क्रियान्वयन में जिला प्रशासन का सहयोग रहा है।इस व्यवस्था से चार महिलाओं को समय पर उपचार मिला।
- ब्यौहारी क्षेत्र के उप स्वास्थ्य केंद्र अनत्नी की 26 वर्षीय सविता सिंह गौड़ को 19 नवंबर को सिकल सेल डिजीज की जानकारी मिलने पर महिला मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।
स्वस्थ अवस्था में डिस्चार्ज किया गया
- ब्लड ट्रांसफ्यूजन के बाद उन्हें स्वस्थ अवस्था में डिस्चार्ज किया गया। 21 नवंबर को गोहपारू क्षेत्र के उप स्वास्थ्य केंद्र बरगवां की 29 वर्षीय राधा देवी सिंह को जिला चिकित्सालय शहडोल में भर्ती कर ब्लड ट्रांसफ्यूजन और उपचार दिया गया।
ब्यौहारी के उप स्वास्थ्य केंद्र बोदिहा की 19 वर्षीय किरण बसोर को 19 नवंबर को जिला चिकित्सालय शहडोल और सिविल अस्पताल ब्यौहारी में उपचार मिला। ब्लड ट्रांसफ्यूजन के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया।
सोहागपुर क्षेत्र की 29 वर्षीय दीपिका सिंह को 21 नवंबर को जिला चिकित्सालय से महिला मेडिकल कालेज रेफर किया गया, जहां उनका सुरक्षित प्रसव हुआ।
जनवरी से नवंबर की तुलना पिछले वर्ष की समान अवधि से करने पर जिले में मातृ मृत्यु में लगभग 52.8 प्रतिशत और शिशु मृत्यु में 35.8 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई। मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. राजेश मिश्रा ने सभी गर्भवती महिलाओं से कहा है कि वे अनमोल पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य रूप से कराएं, नियमित जांच करवाएं तथा ‘मातृ साथी’ से आने वाले काॅल पर अपनी स्वास्थ्य स्थिति की सही जानकारी दें। किसी भी समस्या पर तत्काल स्वास्थ्य कार्यकर्ता को जानकारी दें,ताकि समय रहते उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
यह भी पढ़ें- सात विभागों का प्रभार, प्रताड़ना के आरोप और सुरक्षा की गुहार; सहायक कुलसचिव ने मांगा तबादला