
नईदुनिया प्रतिनिधि,शहडोल। ट्रेन से घर लौट रहे एक यात्री को शहडोल रेलवे स्टेशन पर मदद का भरोसा देकर दो लोग सुनसान खंडहर मकान में ले गए। वहां उसे शराब पिलाई और नशे में बेसुध होने पर आईफोन व नकदी लेकर फरार हो गए।
चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी संपत्ति बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर जिले के बेलगहना थाना क्षेत्र निवासी विकास कोल पिता दिनेश कोल 3 नवंबर को नागपुर-शहडोल ट्रेन से शहडोल पहुंचे थे। रात में घर जाने का साधन नहीं मिलने पर वे स्टेशन पर रुक गए।
इसी दौरान स्टेशन के बाहर मिले दो लोगों ने उन्हें शराब दुकान से शराब खरीदवाई और रेलवे कालोनी के एक निर्जन खंडहर मकान में ले गए। वहां शराब पीने के बाद विकास बेसुध हो गए।
आरोपियों ने उनकी जेब से आईफोट और नकदी निकाल ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने 5 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
साक्ष्यों के आधार पर विकास लोधी उर्फ पोल (28), निवासी रेलवे कालोनी शहडोल, राज जायसवाल (19), निवासी ग्राम कुंदरी थाना सोहागपुर और सागर बर्मन (25), निवासी किरण टाकीज के पास शहडोल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई पूरी संपत्ति बरामद की। तीनों को 6 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में मौसेरे भाई से छात्रा की नजदीकी बनी हत्या की वजह, फोन पहुंचा और कार बन गई हथियार