
नईदुनिया प्रतिनिधि शहडोल। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर शादी का झांसा देकर एक 23 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म करने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
युवती ने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर बार.बार शारीरिक संबंध बनाने, तीन बार गर्भपात कराने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में कार्रवाई करते हुए बुढार पुलिस ने आरोपी कनिष्क सिंह उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायत में युवती ने बताया था कि वर्ष 2023 में इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान केशवाही निवासी कनिष्क सिंह से हुई थी। जनवरी 2024 में दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुए।
आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाया और 29 अक्टूबर 2024 को ग्राम कुम्हारी में एक खाली बाड़े में ले जाकर शादी का वादा करते हुए शारीरिक संबंध बनाए।
युवती का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी लगातार संबंध बनाता रहा। पीड़िता ने शिकायत में यह भी कहा था कि वह तीन बार गर्भवती हुई पर युवक ने गर्भपात कराया।
आरोप है कि आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी दे रहा था।साथ ही विवाह करने से मना कर दिया था। पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की बात कही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के रांझी में युवती से बहस करते वीडियो बनाने पर चाकू से हमला, मजदूर के पेट और पसलियों में गंभीर चोटें