
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले में बुधवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। अमलाई थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को दहला दिया। पहला हादसा बटुरा पंचायत भवन के सामने हुआ। बरंगवा निवासी जमुना बैगा मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी एसईसीएल रामपुर के सवेरिया मैनेजर की तेज रफ्तार स्कोर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि जमुना बैगा की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है मैनेजर ड्यूटी पर रामपुर जा रहे थे। दूसरा हादसा झगरहा तिराहे के पास हुआ। कोयले से लदा 16 चक्का वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान धराशायी हो गया। घर में मौजूद लोगों ने भागकर जान बचाई, लेकिन वहां बंधे मवेशियों की मौत हो गई। अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्रमणि पांडेय ने बताया कि दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 2 की दर्दनाक मौत, 8 गंभीर