
नईदुनिया प्रतिनिधि,शहडोल। छात्रावासों के संचालन में लापरवाही और उदासीनता के चलते कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देशानुसार, सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिंह ने 11 अधिकारी व कर्मियों पर गाज गिराई है।
दो अधीक्षकों को निलंबित किया है। इसके साथ ही, दो अधीक्षकों की वेतनवृद्धि रोकने और सात को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई है।
आदेश के अनुसार, प्रकाश सिंह, अधीक्षक आदिवासी बालक छात्रावास आमडीह, को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय जयसिंहनगर रहेगा।इसी प्रकार, बुद्धशेन सिंह, अधीक्षक जनजातीय बालक आश्रम गजवाही, को भी निलंबित किया गया है।
उनका मुख्यालय भी विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय जयसिंहनगर होगा। वहीं जनजातीय कार्य विभाग ने जनजातीय सीनियर बालक छात्रावास चुहिरी के मुंशी सिंह और जनजातीय बालक आश्रम बरदौहा के अमर बहादुर सिंह की वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई की है।
अन्य छह कर्मचारियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनमें जनजातीय सीनियर कन्या छात्रावास कर्मचारी किरण सिंह, जनजातीय उत्कृष्ट बालक छात्रावास गोहपारू के रामावतार सिंह, जनजातीय सीनियर कन्या छात्रावास शहडोल की प्रतिमा चौधरी, जनजाति कर्मचारी बालक छात्रावास के राकेश पटेल, जनजाति सीनियर बालक छात्रावास बुढ़वा के गणेश दत्त नामदेव, जनजाति सीनियर बालक छात्रावास बरमानिया की शारदा नापित तथा बालक क्रीड़ा परिषद शहडोल के अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।