
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 25 अक्टूबर को शहडोल के बाणगंगा मेला मैदान में तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2024 के संग्राहकों को बोनस राशि वितरित करेंगे। साथ ही जिले को 461 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देंगे।
कार्यक्रम में 6 जिलों - शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, रीवा, सीधी और सतना के तेंदूपत्ता संग्राहक शामिल होंगे। कुल 9,77,696 हितग्राहियों को 22 करोड़ 89 लाख 9 हजार 461 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मैदान में 15 हजार से अधिक संग्राहकों के जुटने की संभावना है।
उत्तर शहडोल में 1.27 लाख और दक्षिण शहडोल में 1.94 लाख परिवारों को लाभ मिलेगा। इसी दिन मुख्यमंत्री ग्राम कुदरी में वन मंडल दक्षिण शहडोल के नवीन कार्यालय भवन और आवासीय परिसर का उद्घाटन भी करेंगे।
मुख्यमंत्री इस दौरे में 82.28 करोड़ रुपये के 45 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसमें पुलिस आवास निगम के 22.86 करोड़, हाउसिंग बोर्ड के 22.14 करोड़, पीडब्ल्यूडी के 14.92 करोड़, पीएचई के 14 कार्यों के 8.76 करोड़ सहित 8 विभागों के कार्य शामिल हैं।
साथ ही 379.45 करोड़ के 89 कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इनमें पीडब्ल्यूडी के 36 कार्य - साखी पुरनिहा, छत्तीसगढ़ पहुंच मार्ग, गौरीहारी नदी पर पुल, सोन नदी के चकराघाट पर पुल सहित सड़क-पुल निर्माण, जनजातीय कार्य विभाग के 38 कार्य - सोहागपुर, जयसिंहनगर, गोहपारू, बुढ़ार के हाईस्कूल भवन और छात्रावास, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और थाना भवनों का निर्माण शामिल है।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगेगी। शिक्षा विभाग स्कूटी योजना, नीति आयोग एआई प्रशिक्षण, वन विभाग वनोपज उत्पाद, एक जिला एक उत्पाद में हल्दी प्रसंस्करण, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, ग्रामीण आजीविका मिशन लखपति दीदी, कृषि विभाग मिलेट्स और प्राकृतिक खेती, जनजातीय विभाग पीएम जनमन योजना और संत रविदास हस्तशिल्प केंद्र छतवई के उत्पादों का लाइव प्रदर्शन करेंगे।
यह भी पढ़ें- MP में मोरों के संरक्षण एवं पुनर्वास के लिए नया प्रोजेक्ट तैयार, बड़नगर में बनेगा फूड प्रोसेसिंग पार्क