
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। यहां जिस ढाबे से खाना-पीना मिलता है, उसी से पंचायत ने पूजा सामग्री खरीदने के नाम पर हजारों रुपये का भुगतान करा लिया। बिल में रूई की बत्ती, दीये, रिफाइंड तेल, रेवड़ी, अगरबत्ती, मोमबत्ती और नारियल जैसी सामग्री दर्ज है। सवाल यह है कि ढाबे पर भोजन के साथ अब पूजा सामग्री का कारोबार भी चल रहा है या पंचायत के खर्चों में कुछ और ही खेल है।
13 अक्टूबर 2026 के बिल में न्यू सोनू यूपी ढाबा से सामग्री खरीदी दर्शाई गई है। रिकार्ड के मुताबिक 350 पैकेट रूई की बत्ती, 750 दीये, 15 लीटर रिफाइंड तेल सहित अन्य सामग्री की खरीदी दर्ज है।
बिल में दीयों की दर 5 रुपये प्रति नग दर्शाई गई, लेकिन खर्च के गणित और कुल भुगतान की राशि में भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पंचायत के रिकॉर्ड में करीब 10,400 रुपये का भुगतान दर्ज है। बिल में यह स्पष्ट नहीं है कि खरीदी किस कार्यक्रम या मद के तहत की गई।
मामला इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि शहडोल में इससे पहले जल गंगा संवर्धन अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम में एक घंटे के आयोजन के दौरान 14 किलो ड्राई फ्रूट और 6 लीटर दूध में 5 किलो शक्कर की चाय की खपत का मामला चर्चाओं में रहा था।
यहां सरकारी पैसों से विकास की इबारत लिखी जा रही है या बिलों में ही पूरा बाजार सजाया जा रहा है, यह समझना मुश्किल हो गया है। एक घंटे के सरकारी कार्यक्रम में 14 किलो ड्राई फ्रूट और 6 लीटर दूध में 5 किलो शक्कर की चाय का हिसाब सुर्खियों में आया था।
आखिर पंचायत के इस हिसाब में कौन सा गणित चल रहा है और ढाबे पर दाल-रोटी के साथ पूजा सामग्री का बाजार कैसे सज गया।
यह भी पढ़ें- प्रशासनिक परिपत्र से भर्ती नियमों की वैधानिकता समाप्त नहीं की जा सकती, हाई कोर्ट में सरकार की अपील मंजूर