
नईदुनिया प्रतिनिधि,शहडोल। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली और सोहागपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कुदरी रोड स्थित कबाड़ के एक ठिकाने पर दबिश देकर 20 लाख रुपये से अधिक का माल बरामद किया है।
पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में सबमर्सिबल पंप, टुल्लू पंप, काॅपर वायर, इलेक्ट्राॅनिक उपकरण और एक चार पहिया वाहन जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान मेरठ निवासी एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार कुदरी रोड पर किराए के मकान में कबाड़ का कारोबार संचालित किया जा रहा था।
तलाशी के दौरान यहां खेतों में उपयोग होने वाले 50 से अधिक सबमर्सिबल पंप मिले, जिनमें 17 से ज्यादा पंप चालू हालत में हैं। कई पंपों को काटकर उनके हिस्से अलग-अलग किए गए थे। मौके से बड़े टुल्लू पंप, कापर वायर और अन्य इलेक्ट्रानिक सामान भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान नदीम मलिक पुत्र सराफत अली निवासी मेरठ के रूप में की है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि बरामद सामान कहां से लाया गया था और यह चोरी का है या कबाड़ के रूप में खरीदा गया था। नदीम मलिक से पूछताछ जारी है।
जिले में सरकारी कार्यालयों और विश्वविद्यालय के पावर ट्रांसफार्मर से काॅपर और ऑयल चोरी की घटनाएं भी सामने आई हैं। इसी कड़ी में सोहागपुर पुलिस ने चोरी से जुड़े एक अन्य गिरोह के संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है, जिनके पास से विद्युत तार समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
यह भी पढ़ें- नर्सिंग घोटाला मामले में एमपी हाई कोर्ट का सख्त रुख, कहा- मानकों पर खरे नहीं तो नर्सिंग कॉलेजों को मान्यता क्यों?