शहडोल/नईदुनिया प्रतिनिधि। बाणसागर मुख्य बांध में जलस्तर पूर्ण भराव पर पहुंचने और ऊपरी क्षेत्र में जल की आवक में वृद्धि के कारण आज 21 सितंबर सोमवार को दोपहर 4 बजे बांध के 6 रेडियल गेट खोले जाएंगे।
इसको लेकर मुख्य अभियंता, गंगा कछार जल संसाधन विभाग रीवा द्वारा सूचना जारी की गई है।
जारी सूचना के अनुसार, बाणसागर मुख्य बांध के रेडियल गेट क्रमांक 6, 7, 8, 9, 10 एवं 11 को 0.50 मीटर की ओपनिंग पर खोला जाएगा। इन 6 गेटों से कुल 630 क्यूमेक्स पानी का डिस्चार्ज किया जाएगा।
बांध के स्पिलवे एवं पावर हाउस क्रमाक 3 से सोन नदी में छोड़े जा रहे जल का कुल प्रवाह 804 क्यूमेक्स हो जाएगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जल की आवक में और वृद्धि होती है तो डिस्चार्ज की मात्रा को बढ़ाया भी जा सकता है।
डाउनस्ट्रीम के गांवों में अलर्ट
बांध से पानी छोड़े जाने के कारण सोन नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है। इसे देखते हुए बाणसागर बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में सोन नदी के दोनों किनारों पर बसे गांवों में प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी मैदानी अमले को सतर्क रहते हुए नदी किनारे निवासरत लोगों को सोन नदी से पर्याप्त दूरी बनाए रखने और नदी में न जाने के लिए मुनादी और सूचना जारी करने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से कहा है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, नदी किनारे न जाएं, मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पर रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोग सावधानी बरतें।