शहडोल प्रशासन और शिक्षा विभाग में हड़कंप, आवासीय विद्यालय के 200 बच्चों ने कलेक्ट्रेट की ओर किया पैदल कूच, किसी को नहीं बताई वजह
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के करीब 200 छात्र-छात्राएं बुधवार को अचानक स्कूल परिसर से निकलकर पैदल शहडोल की ओर कूच कर गए।
Publish Date: Wed, 07 Oct 2026 01:56:35 PM (IST)Updated Date: Wed, 07 Oct 2026 02:04:00 PM (IST)
आवासीय विद्यालय के बच्चों का पैदल कूच, नईदुनियाHighLights
- आवासीय विद्यालय के बच्चों का पैदल कूच
- अपनी शिकायतों को लेकर पहुंचे कलेक्ट्रेट
- मौके पर बच्चों को मनाता रहा प्रशासन
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जैतपुर विकासखंड के बिरौडी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के करीब 200 छात्र-छात्राएं बुधवार को अचानक स्कूल परिसर से निकलकर पैदल शहडोल की ओर कूच कर गए।
बच्चे अपनी परेशानी सीधे कलेक्टर को बताने के लिए निकले हैं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के स्कूल से बाहर निकलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चे सुबह से ही सड़क पर पैदल जाते हुए नजर आए। जब स्थानीय लोगों और मीडिया ने उनसे शहडोल जाने का कारण पूछा, तो बच्चों ने कोई विस्तृत जानकारी देने से इंकार कर दिया और एक ही बात दोहराई कि "हम अपनी बात सिर्फ कलेक्टर साहब से ही बताएंगे।"
मांगें पूरी नहीं होने से छात्र नाराज
बच्चों के इस कदम के पीछे क्या वजह है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, सूत्रों की मानें तो विद्यालय में भोजन, हॉस्टल की व्यवस्था, शिक्षकों की कमी या अन्य सुविधाओं को लेकर बच्चे नाराज हैं। पिछले कुछ दिनों से विद्यालय में अव्यवस्था की शिकायतें भी सामने आ रही थीं।
माना जा रहा है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं होने पर बच्चों ने यह कदम उठाया है। खराब भोजन की शिकायतें वह कई बार कर चुके हैं।
शिक्षा विभाग में मचा हडकंप
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। जैतपुर प्रशासन के अधिकारी बच्चों को समझाने और रोकने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन बच्चे अपनी जिद पर अड़े रहे।
एकलव्य विद्यालय आदिवासी वर्ग के बच्चों के लिए संचालित आवासीय विद्यालय है, जहां दूर-दराज के बच्चे पढ़ाई करते हैं। ऐसे में 200 बच्चों का एक साथ पैदल निकलना गंभीर मामला माना जा रहा है।
फिलहाल सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जब बच्चे कलेक्टर के सामने पहुंचेंगे तो अपनी कौन सी समस्याएं रखेंगे और प्रशासन उनकी मांगों पर क्या कार्रवाई करता है।