
मकान में रहकर आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले में लूट और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में फरार दो आरोपियों को पकड़ने के लिए खैरहा पुलिस ने फिल्मी अंदाज में जाल बिछाया। पुलिस टीम सीधी जिले पहुंची और आरोपियों के ठिकाने की जानकारी जुटाने के बाद वहीं किराए का मकान ले लिया।
पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों को बताया कि वे किसी कारोबारी से मिलने आए हैं। इसके बाद टीम ने करीब दो दिन तक उसी मकान में रहकर आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस को सूचना मिली थी कि खैरहा थाना क्षेत्र में हुई लूट का फरार आरोपी शनि दीवान अपने साथी के साथ सीधी में किराए के मकान में रह रहा है।
इस सूचना के आधार पर खैरहा थाना प्रभारी उमाशंकर चतुर्वेदी ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर उसे सीधी भेजा गया। टीम जब आरोपितों के ठिकाने पर पहुंची तो दोनों घर पर नहीं मिले।
इसके बाद करीब दो दिन बाद जैसे ही दोनों आरोपी अपने कमरे पर पहुंचे, पहले से घात लगाए पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया। इस दौरान पुलिस टीम सादे कपड़ों में थी।
पुलिस के अनुसार, शनि दीवान पिता जगन्नाथ 11 जुलाई को खैरहा थाना क्षेत्र में पिकअप चालक से हुई लूट के मामले में फरार था। बाइक सवार दो बदमाशों ने चालक को रोककर नकदी और दस्तावेज लूट लिए थे। घटना के कुछ घंटे बाद एक गिरफ्तार हो गया था, जबकि शनि फरार चल रहा था।
यह भी पढ़ें- अदालत से दोषमुक्त, फिर भी पुलिस कांस्टेबल की नियुक्ति रोकी, हाई कोर्ट ने पद रिक्त रखने के दिए निर्देश