
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल: खेत के बीच बने सुनसान घर में अकेली रह रही 55 वर्षीय विधवा प्रेम बाई अहिरवार को क्या पता था कि मौत बाहर से नहीं, अपने ही घर से आएगी। मामला सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम दरैन के बाहा टोला का है। 18 सितंबर की रात प्रेम बाई की फावड़े से सिर पर कई वार कर निर्मम हत्या कर दी गई थी।
सुबह शव मिलने के बाद पुलिस के सामने यह एक ब्लाइंड मर्डर था, लेकिन सीधी पुलिस ने 48 घंटे के अंदर इस खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। जांच में पुलिस की शक की सुई परिवार पर आकर ठहरी। कड़ी पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका के बेटे कौशल अहिरवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपित ने मां की संपत्ति, नगदी और जेवरात के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि प्रेम बाई के पति स्व. राम नारायण अहिरवार शिक्षक थे, जिनकी 2020 में मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के बाद प्रेम बाई खेत में ही मकान बनाकर अकेली रहती थीं। बड़ा बेटा उमरिया जिले के पाली में डाक विभाग में पदस्थ है, जबकि छोटा बेटा देवशरण गांव के पुराने मकान में अलग रहता है।
आरोपित कौशल अहिरवार को पिता की मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति पर स्कूल में भृत्य के पद पर नौकरी मिली थी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल फावड़ा जब्त कर लिया है और मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
यह भी पढ़ें- शहडोल में निर्माण के दौरान भरभराकर गिरी पुरानी दुकान, मलबे में दबे दो मजदूर