
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल: शहर के बीचोंबीच बस स्टैंड के पास मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मुख्य मार्ग किनारे स्थित पुरानी दो मंजिला इलेक्ट्रानिक्स दुकान में निर्माण कार्य के दौरान लोहे का गार्डर अचानक टूट गया, जिससे निर्माणाधीन हिस्सा भरभराकर गिर गया। मलबे में दबकर दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार भवन काफी पुराना है और अंदर दुकान का संचालन जारी था, इसी बीच भीतर तोड़फोड़ कर नया निर्माण कराया जा रहा था। बताया गया कि ठेकेदार ने पहले ही गार्डर पर ज्यादा भार पड़ने की चेतावनी दी थी, लेकिन काम नहीं रोका गया। हादसे के बाद साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला।
घायलों की पहचान औढेरा निवासी हीरालाल रैदास और लाला सिंह के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- गरीबी को बनाया ताकत, आर्थिक तंगी के बाद मजदूरी की, शहडोल के संजीव कुमार बैगा बने आत्मनिर्भरता की नई मिसाल
घटना की सूचना पर नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा को देखते हुए भवन के खतरनाक हिस्से को जेसीबी से ढहा दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।
यह भी पढ़ें- शहडोल बाणसागर बांध के आज खोले जाएंगे 6 रेडियल गेट, सोन नदी में बढ़ेगा जलस्तर, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट