
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। गंभीर बीमार बेटे को बचाने की उम्मीद लेकर शहडोल आया पिता बस स्टैंड पर ही बेबस रह गया। इलाज के बाद घर लौटते समय 18 वर्षीय बेटे की मौत हो गई।
मठी थाना सीधी निवासी शेषमणि कोल ने बताया कि बेटा शुभम राज कोल भोपाल में पढ़ाई कर रहा था और लंबे समय से बीमार था। वह उसे लेने भोपाल गया। भोपाल से ट्रेन से ब्यौहारी और वहां से बस से शहडोल स्थित विजय किरन अस्पताल में इलाज के लिए लाया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि फेफड़ा गल गया है। दवाएं देकर उपचार के बाद घर जाने को कह दिया। शेषमणि बेटे को लेकर शहडोल बस स्टैंड पर सीधी जाने वाली बस का इंतजार कर रहा था, तभी शुभम की सांस थम गईं।
पिता ने डॉक्टरों पर किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है। घटना के बाद वह बस स्टैंड पर ही वाहन का इंतजार कर रहा है। उसने फोन कर वाहन बुलाया है, जिससे शव को घर ले जाया जा सके।