
नईदुनिया प्रतिनिधि,शहडोल। जिले के ब्यौहारी स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय मऊ की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। यहां हाॅस्टल में रहकर 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला एक छात्र रात में स्कूल की बाउंड्री फांदकर बाहर निकल गया।
सुबह विद्यार्थियों की गणना में उसके गायब मिलने पर विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया। छात्र जयसिंहनगर थाना क्षेत्र का निवासी है।
रात में छात्रावास में विद्यार्थियों की गणना के समय छात्र मौजूद था। इसके बाद वह कब और कैसे परिसर से बाहर गया, किसी को पता नहीं चला। सुबह दोबारा गणना में उसके गायब मिलने पर पहले हास्टल और फिर पूरे विद्यालय परिसर में तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला।
प्रबंधन ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और मामला पुलिस तक पहुंचा। ब्यौहारी थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा टीम के साथ विद्यालय पहुंचे। प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में छात्र रात में बाउंड्री पर चढ़कर दूसरी ओर छलांग लगाते हुए बाहर जाता दिखाई दिया। छात्र की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम अलग-अलग स्तर पर उसकी पतासाजी कर रही है।