
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले में रिमझिम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो चरवाहों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मवेशी चराने जंगल गए थे और बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े हुए थे। घटनाएं जयसिंहनगर और जैतपुर थाना क्षेत्रों की हैं।
पहली घटना जयसिंहनगर में हुई, जहां ढोलर गांव निवासी मुन्ना सिंह गोंड (50) मवेशी चराने जंगल गया था। अचानक बारिश शुरू होने पर वह एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई और उसकी चपेट में आने से मुन्ना की मौके पर ही मौत हो गई।
देर रात तक घर नहीं लौटने पर स्वजनों ने तलाश शुरू की, सुबह जंगल में पेड़ के नीचे उसका शव मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया।
दूसरी घटना जैतपुर में हुई।यहां के ग्राम कदौड़ी निवासी हुबलाल बैगा (55) बकरियां चराने जंगल गया था। बारिश से बचने के लिए वह भी पेड़ के नीचे खड़ा हुआ था, तभी आकाशीय बिजली गिरने से उसकी भी मौत हो गई।