
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। न्यू बस स्टैंड स्थित राम कंप्यूटर्स एंड फोटोकापी के संचालक मोहन लाल यादव ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपने बैंक खाते पर लगी रोक हटाने और संदिग्ध लेन-देन की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने जांच में अपना पक्ष रखने का अवसर देने का भी अनुरोध किया है। आवेदन के अनुसार, 13 नवंबर को उनकी दुकान पर एक व्यक्ति आया। उसने बताया कि उसकी मां का ऑपरेशन होना है और उसे तत्काल नकद राशि की जरूरत है। उसने गूगल पे से भुगतान कराने की बात कही।
उसी दिन एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से मोहन लाल यादव के गूगल पे खाते में 90,888 रुपये भेजे गए।आवेदक के मुताबिक, वह उस व्यक्ति के साथ बैंक के एटीएम गया। वहां बंधन बैंक के एटीएम से 40,000 रुपये और एसबीआई एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर बंधन बैंक के एटीएम से ही 40,000 रुपये निकाले। फिर दुकान पर अपने भाई के एसबीआई एटीएम से 10,000 रुपये नकद निकालकर उस व्यक्ति को दे दिए।
यादव का कहना है कि उस समय उन्हें रकम के साइबर अपराध या धोखाधड़ी से जुड़े होने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने ग्राहक के अनुरोध पर इसे सामान्य व्यावसायिक लेन-देन समझा। कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि साइबर शिकायत के चलते उनका बैंक खाता होल्ड (फ्रीज) कर दिया गया है, जिससे खाते का सामान्य उपयोग प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने 13 नवंबर को दोपहर करीब 1.21 बजे संबंधित एटीएम केंद्रों के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर जांच कराने की मांग की है। उनके अनुसार, फुटेज से यह सत्यापित करने में मदद मिलेगी कि वह संबंधित व्यक्ति के साथ एटीएम गए थे और वहां से नकदी निकाली गई थी।
उन्होंने आवेदन में खाते पर रोक लगाने का कारण और संबंधित साइबर शिकायत तथा एफआईआर का विवरण उपलब्ध कराने, 90,888 रुपये के लेन-देन की जांच करने और बैंक स्टेटमेंट, गूगल पे ट्रांजेक्शन व नकदी निकासी के प्रमाणों को जांच में शामिल करने की मांग की गई है।
यादव ने कहा कि यदि जांच में जानबूझकर धोखाधड़ी सामने नहीं आती है, तो नियमानुसार खाते से रोक हटाई जाए।आवेदक के अनुसार, घटना के बाद उस व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसने उनका मोबाइल नंबर ब्लाक कर दिया और फोन भी नहीं उठाया। यादव ने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करने और उपलब्ध दस्तावेज व साक्ष्य देने के लिए तैयार हैं।
यह भी पढ़ें- प्रशासनिक परिपत्र से भर्ती नियमों की वैधानिकता समाप्त नहीं की जा सकती, हाई कोर्ट में सरकार की अपील मंजूर