
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के ब्यौहारी में बीएसएनएल की केबल लाइन सुधारने के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई।
वहां के सिविल अस्पताल के सामने करीब दो मीटर गहरा गड्ढा खोदकर लाइन सुधार का काम चल रहा था, तभी पास स्थित नाली की दीवार भरभराकर गड्ढे में काम कर रहे मजदूर पर गिर गई। मलबे में दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रामसेवक सोंधिया निवासी रीवा को बीएसएनएल कर्मचारी काम के लिए ब्यौहारी लेकर आए थे। देर रात केबल में तकनीकी खराबी आने पर अस्पताल के सामने गड्ढा खोदकर सुधार कार्य शुरू किया गया। रामसेवक गड्ढे में उतरकर काम कर रहा था, इसी दौरान हादसा हो गया।
साथी कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। स्वजन शव लेकर रीवा पहुंचे और काॅलेज चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया।
परिजनों का आरोप है कि कंपनी उसे घर से काम के लिए ले गई थी और बाद में मौत की सूचना दी। उन्होंने कंपनी की भूमिका की जांच की मांग की है।
पुलिस के समझाने और जांच के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। ब्यौहारी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ब्यौहारी थाना प्रभारी अभिषेक मिश्रा ने बताया की मौत हुई और मामले की जांच की जा रही है। बीएसएनएल कंपनी के लिए कोई ठेका कंपनी ने मजदूर को लाया था। जांच कर रहे है और कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने मंगलवार की सुबह शव मिला है, जिस पर मर्ग कायम है और जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 6 महीने की मासूम की मौत, मेडिकल कॉलेज की उपचार व्यवस्था पर लगे गंभीर आरोप, अब जांच करेगी टीम