
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम दरैन बाहाटोला में खेत के बीच बने घर में अकेली रह रही 55 वर्षीय विधवा महिला प्रेम बाई अहिरवार की अज्ञात आरोपित ने सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी।
रात में हुई इस वारदात का खुलासा सुबह होने पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतिका के पति स्व. राम नारायण अहिरवार शिक्षक थे। उनकी मृत्यु के बाद से प्रेम बाई खेत में ही घर बनाकर अकेली रह रही थीं।
उनके दो बेटे हैं, बड़ा बेटा उमरिया जिले के पाली में डाक विभाग में पदस्थ है, जबकि छोटा बेटा देवशरण अहिरवार गांव के पुराने घर में अलग रहता है।
थाना प्रभारी शिवेंद्र भगत ने बताया कि रात के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने महिला पर हमला किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। रात में महिला के घर के आसपास किसकी आवाजाही थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।