
नईदुनिया न्यूज, नलखेड़ा (आगर मालवा) : आस्था के प्रमुख केंद्र नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर को भव्य धार्मिक परिसर के रूप में विकसित करने की दिशा में सोमवार को कदम बढ़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मां बगलामुखी देवी लोक का भूमि पूजन किया।
55 एकड़ में विकसित होने वाले इस देवी लोक के प्रथम चरण पर 85.40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना का सबसे प्रमुख आकर्षण 108 फीट ऊंचा मंदिर शिखर होगा। इसके साथ 220 यज्ञशालाएं, गोशाला, कॉरिडोर और श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंदिर के रास्ते में जिस पुलिया पर दुर्घटना हुई थी, उसे नए सिरे से बनाया जाएगा। दुर्घटना के कारण बहुत बूरा लगा। हमने कहा इसका निदान होना चाहिए। नई पुलिया बनाकर मार्ग को पर्याप्त चौड़ा किया जाएगा, जिससे हादसा होने का काम ही नही रहने वाला। मंदिर तक आने-जाने के लिए नए फोरलेन मार्ग भी बनेगा, इसका भी भूमिपूजन भी किया गया है। साथ ही मां बगलामुखी धाम तक पहुंच आसान बनाने के लिए नया बायपास बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे कांग्रेस नेता, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भी घेरा। उन्होंने नाम लिए बिना सत्य सनातन यात्रा पर तंज कसा। कहा, हम वह लोग नहीं हैं, जो पहले चंदा दे दें, बाद में चंदे की वापस मांग करें और ढोंग करें कि हम यात्रा निकाले। डूब मरना चाहिए ऐसी भावना वालों को।
यह कौन सी बात हुई, भगवान को काम भावना से होता है, भगवान और धर्म के मामलों में श्रद्धा के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कांग्रेस के लोग इस बात का जबाव दें जिन्होंने भगवान राम के जन्म स्थान के प्रमाण मांगे। किस मुंह से जाओगे वहां। वह बोले कांग्रेस का अमावस का अंधेरा कम छटेगा मुझे नही मालूम।