
नईदुनिया न्यूज, शुजालपुर (शाजापुर) : दिव्यांग बेटे को पूजा-पाठ के जरिए ठीक करने का झांसा देकर एक बुजुर्ग से 10 लाख 75 हजार रुपये ठगने के मामले में मंडी पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से ठगी की रकम और वारदात में इस्तेमाल में लाई गई कार भी जब्त कर ली है।
मामले में 19 सितंबर 2026 को देहंडी निवासी 75 वर्षीय विजय बामनिया पिता माधव सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को एक महिला साड़ी बेचने के बहाने उनके घर पहुंची। महिला ने उनके दिव्यांग बेटे को देखकर पूजा-पाठ से ठीक करने का दावा किया और इसके लिए चार लाख रुपये मांगे।
महिला और उसके पति ने विश्वास में लेकर रकम ले ली। बाद में अन्य आरोपितों ने भी इसी तरह झांसा देकर कुल 10.75 लाख रुपये ऐंठ लिए। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई ।
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, एएसपी महेंद्र तारणेकर के निर्देश और एसडीओपी निमेष देशमुख के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मामले में सुदामा, कैया गौड़ और उनकी महिला साथी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी शिवकुमार यादव के अनुसार आरोपितों से 2.45 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त एमपी 15 सीबी 7180 नंबर की टीयूवी कार, जिसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये है, जब्त की गई है। इस तरह कुल 10.75 लाख रुपये की ठगी की राशि बरामद की गई है ।
यह भी पढ़ें- भोपाल में तांत्रिक भाई-बहन ने महिला से ठगे 1 करोड़, बेटे को वश में करने का दिया झांसा