
नईदुनिया प्रतिनिधि, आगर-मालवा। लोकायुक्त पुलिस उज्जैन ने शुक्रवार को जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति कार्यालय, आगर में पदस्थ सहायक ग्रेड-तीन एवं प्रभारी लेखापाल मनीष कुमार पंडिया को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपित पर सेवानिवृत्त अधिकारी के लगभग 27 लाख रुपये के लंबित सेवानिवृत्ति भुगतान जारी करने के एवज में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, आठ जुलाई को जावरा (जिला रतलाम) निवासी विजय कुमार बोरसिया ने पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त उज्जैन को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता गोवर्धन लाल, जो जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, आगर से सेवानिवृत्त हुए हैं, उनकी ग्रेच्युटी, समूह बीमा, अवकाश नकदीकरण (लीव एनकैशमेंट) सहित लगभग 27 लाख रुपये की सेवानिवृत्ति राशि के भुगतान के लिए कार्यालय में पदस्थ बाबू मनीष कुमार पंडिया द्वारा डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 150 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों का वेतन रोका, काम में लापरवाही और टारगेट पूरा न करने पर हुआ एक्शन
शिकायत का सत्यापन लोकायुक्त निरीक्षक दीपक सेजवार ने किया। शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप की योजना बनाई। योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपित को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए। जैसे ही आरोपित ने राशि ली, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने कलेक्टर कार्यालय परिसर स्थित उसके कार्यालय में उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।