
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। एबी रोड स्थित गैस गोडाउन क्षेत्र में शुक्रवार रात आयोजित विवाह समारोह में विवाद हो गया। मामला इतना गरमाया कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने बरातियों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज करा दिया और दुल्हन को विदा करने से इनकार कर दिया। शनिवार दोपहर तक भी दूल्हा पक्ष के लोग शाजापुर में रहे और पुलिस से उचित कार्रवाई कर दुल्हन को विदा कराने की गुहार लगाते रहे। दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए।
बरात उज्जैन से शाजापुर आई थी। दुल्हन के चाचा सुनील पेंटर का कहना है कि बरात आने के बाद से ही अनबन हो रही थी। फेरे होने के बाद दूल्हे ने उग्र रूप ले लिया। उसकी वीडियो भी हमारे पास है। मारपीट शुरू की, मुझे मारा और अन्य लोगों को भी पीटा। वे सौ जोड़ कपड़ों के लिए अड़े रहे। कहा- कपड़े दे दो या कपड़ों के पैसे दे दो।
दूसरी ओर दूल्हे अनुराग ने बताया कि मेरी शादी हुई, विदाई कर हम उज्जैन जा रहे थे, तभी जूते चुराई के वक्त दुल्हन की बहन और मेरे जीजाजी की बात हो गई थी। वे 1100 रुपये में मान गई थीं, किंतु चाचा का लड़का आया और बोला कि 11 हजार रुपये ही चाहिए। इस दौरान उन्होंने जीजाजी की कॉलर पकड़कर धक्का दे दिया।
इससे बराती गुस्सा हो गए और विवाद हुआ। हम दुल्हन को लेकर जाना चाहते हैं। हमारे यहां 1500 लोगों का रिसेप्शन है। हम मेहमानों को क्या कहेंगे। रात को दुल्हन जाने के लिए तैयार थी, किंतु रातभर में उसे सिखा-पढ़ा दिया। अब वह जाने को तैयार नहीं है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में शादियों के 11 शुभ मुहूर्त के बीच रेलवे ने कैंसिल की 52 ट्रेनें, बारातियों व यात्रियों की बढ़ी मुसीबत
दुल्हन पक्ष के सुनील कुमार की शिकायत पर दूल्हे के पिता संतोष यादव, भाई लक्की यादव और काका बबलू यादव के खिलाफ और संतोष निवासी उज्जैन के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज को लेकर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। शनिवार को कोतवाली थाने पहुंचे दूल्हा पक्ष के लोगों ने पुलिस से उनकी शिकायत पर भी केस दर्ज करने की मांग की, किंतु पुलिस ने एफआइआर दर्ज नहीं की। इस पर दूल्हा पक्ष के लोगों ने कोतवाली थाना पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया है।
दुल्हन पक्ष की शिकायत पर दूल्हे पक्ष के चार लोगों पर केस दर्ज किया है। वहीं, दूल्हा पक्ष के लोगों ने भी आवेदन दिया है। आवेदन की जांच की जा रही है।- नवीन बिलावलिया, थाना प्रभारी कोतवाली।