
नईदुनिया प्रतिनिधि, आगर-मालवा। साईं मंदिर के पीछे स्थित झील क्षेत्र में बड़ी संख्या में कौओं की असामयिक मौत और कुछ के मूर्छित अवस्था में मिलने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। पशुपालन विभाग की टीम ने पहुंचकर मृत एवं बीमार कौओं के सैंपल एकत्रित किए हैं। इन्हें जांच के लिए भोपाल स्थित हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज लेबोरेटरी (एनआईएचएसएडी) भेजा गया है।
फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बर्ड फ्लू की आशंका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इधर, संभावित संक्रमण की रोकथाम और आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें नागरिकों, पोल्ट्री फार्म संचालकों, चिकन विक्रेताओं और उपभोक्ताओं को आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
साईं मंदिर के पीछे स्थित झील क्षेत्र सघन पौधारोपण और वन क्षेत्र से घिरा हुआ है। यहां लंबे समय से बड़ी संख्या में कौए निवास करते हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार करीब तीन वर्ष पहले भी इसी क्षेत्र में कौओं की असामयिक मौत का मामला सामने आया था। इस बार भी बड़ी संख्या में कौओं के मृत मिलने और कुछ के बीमार अवस्था में पाए जाने के बाद विभाग ने कार्रवाई शुरू की।
उप संचालक पशुपालन डॉ. एमएल जारोलिया ने बताया कि विभागीय दल मौके पर पहुंचा। दल में शामिल डॉ. अरविंद महाजन और डॉ. अंकित जैन ने क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक सैंपल एकत्रित किए। 22 नवंबर को दोपहर में लिए गए सैंपल वन विभाग के माध्यम से जांच के लिए भोपाल भेजे गए हैं।
मौके पर मिले मृत कौओं को नगर पालिका के अमले ने एकत्रित कर निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार ट्रेंचिंग ग्राउंड पर सुरक्षित रूप से दफनाया। वहीं, झील और आसपास के वन क्षेत्र में साफ-सफाई कराई गई। एहतियात के तौर पर नगर पालिका द्वारा क्षेत्र में फॉगिंग और दवा का छिड़काव भी कराया जा रहा है।
पशुपालन विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार बर्ड फ्लू पक्षियों में होने वाला संक्रामक विषाणुजनित रोग है। संक्रमित पक्षियों की बीट, म्यूकस, पंखों और अन्य स्राव के संपर्क में आने से संक्रमण का खतरा हो सकता है। पक्षियों में अचानक कमजोरी, पंख गिरना, कम हरकत करना, आंखों, गर्दन और सिर के आसपास सूजन, आंखों से पानी आना, कलंगी एवं पैरों के रंग में बदलाव, दाना खाने और अंडे देने की क्षमता में कमी तथा बड़ी संख्या में पक्षियों की अचानक मौत होना संभावित लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशुपालन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
विभाग ने पोल्ट्री फार्म संचालकों को पक्षियों को सुरक्षित बाड़ों में रखने, बाहरी लोगों का प्रवेश सीमित करने और जंगली पक्षियों के संपर्क से बचाने के निर्देश दिए हैं। फार्म में नियमित साफ-सफाई और डिसइन्फेक्शन करने तथा नए पक्षियों को कम से कम 30 दिन अलग रखने की सलाह दी गई है।
चिकन दुकान संचालकों को दुकानों और औजारों की नियमित सफाई करने, मास्क एवं ग्लव्स का उपयोग करने तथा चिकन अपशिष्ट का उचित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने नागरिकों से साफ-सुथरी और विश्वसनीय दुकानों से ही चिकन एवं अंडे खरीदने तथा कच्चे या अधपके चिकन और अंडों का सेवन नहीं करने की अपील की है। चिकन एवं अंडों को कम से कम 70 डिग्री सेल्सियस तापमान पर अच्छी तरह पकाकर ही खाने की सलाह दी गई है। कच्चे चिकन के संपर्क में आए हाथों और बर्तनों को भी अच्छी तरह साफ करने को कहा गया है।
मनुष्यों में संक्रमण होने पर तेज बुखार, जुकाम, नाक बहना और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण होने पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सक को पक्षियों के संपर्क में आने की जानकारी देना जरूरी है।
जिले में बर्ड फ्लू की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए पशुपालन विभाग ने नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। मृत या बीमार पक्षियों की सूचना इन नंबरों पर दी जा सकती है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि मृत या बीमार पक्षियों को हाथ न लगाएं और न ही स्वयं उनका निस्तारण करें। बच्चों को भी ऐसे पक्षियों से दूर रखें। असामान्य रूप से पक्षियों की मौत होने पर तत्काल पशु चिकित्सालय या नियंत्रण कक्ष को सूचना दें। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- धार में सड़क हादसा... पिकअप और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, 3 लड़कियां और एक युवक की मौत