
नईदुनिया प्रतिनिधि, आगर-मालवा। छावनी क्षेत्र में शनिवार सुबह नगर पालिका की पेयजल सप्लाई के साथ घरों में डीजल मिला दूषित पानी पहुंचने से हड़कंप मच गया। नलों से हल्के हरे-पीले रंग का चिकनाई युक्त और तेज दुर्गंध वाला पानी निकलने पर रहवासी सकते में आ गए। पानी में डीजल जैसी तेज गंध आ रही थी।
रहवासियों के अनुसार दो-तीन दिनों से पेयजल में हल्की गंध महसूस हो रही थी, लेकिन शनिवार सुबह नलों से करीब 60 घरों में दुर्गंध और चिकनाई युक्त पानी आने पर स्थिति गंभीर हो गई। लोगों ने इसकी सूचना नगर पालिका को दी। इस पर नगर पालिका का अमला सक्रिय हुआ और प्रभावित क्षेत्र में पेयजल सप्लाई बंद कराई गई।
यह भी पढ़ें- भागीरथपुरा दूषित जल कांड में दोषी अधिकारी की बहाली पर विरोध, वकील बोले- यह जनता के साथ धोखा है
नगर पालिका सीएमओ कुशल सिंह दौड़वें के अनुसार शासकीय जलघर के समीप डीजल पाइपलाइन में लीकेज होने से नगर पालिका की पेयजल लाइन के संपर्क में आ गया। इसके चलते डीजल मुख्य संपवेल और कुएं तक पहुंच गया, जिससे पेयजल दूषित होकर घरों तक पहुंचा। मामले की जानकारी मिलने पर संबंधित पेट्रोल पंप संचालक ने खुदाई करवाकर लीकेज को दुरुस्त कराया।