
नईदुनिया प्रतिनिधि, कानड़। क्षेत्र के 84 गांवों की बड़ी आबादी आज भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है। वर्षों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मांग होने के बावजूद कानड़ का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अब तक उन्नयन का इंतजार कर रहा है। हालत यह है कि यहां हर महीने हजारों मरीज इलाज और जांच के लिए पहुंचते हैं। लेकिन संसाधनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है। साथ ही प्रायवेट हॉस्पिटल का सहारा लेना उनकी मजबूरी बन गया।
क्षेत्रीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों , प्रेस क्लब के द्वारा लंबे समय से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बदलने की मांग की जा रही है। इसके बावजूद अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। अस्पताल में न पर्याप्त डॉक्टर हैं और न ही जरूरी जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल या अन्य शहरों के लिए रेफर करना मजबूरी बन गया है।
कानड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रतिमाह बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल पर करीब 70 से 80 गांवों की निर्भरता हे। इसके साथ ही नगर कानड़ की 12 हजार से अधिक जनसंख्या भी इसी स्वस्थ केंद्र पर निर्भर हे। यहां केवल एक स्थायी डॉक्टर और सीमित स्टाफ के सहारे स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हो रही हैं। कई बार मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रसव और अन्य जटिल मामलों में मरीजों को आगर रेफर किया जाता है। जांच सुविधाओं के अभाव में मरीजों को निजी लैब सोनोग्राफी का सहारा लेना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा मिल जाता है तो क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टर, भर्ती सुविधा, बेहतर उपचार और जांच सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे ग्रामीणों को छोटे-बड़े इलाज के लिए दूसरे शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
यह भी पढ़ें- एमपी के इस जिले को मिले 8 नए डॉक्टर, स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत, ग्रामीणों को मिलेगा समय पर इलाज
क्षेत्रवासियों का कहना है कि शासन स्तर पर कई बार प्रस्ताव और मांग भेजी गई। लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और जनप्रतिनिधियों से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
मैने स्वयं कलेक्टर कार्यालय जाकर डॉक्टर ओर स्टाफ को लेकर आवेदन दिया हे। विधायक मधु गेहलोत जी को भी अवगत कराया हे। प्राथमिक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उन्नयन करने को लेकर भी बात करेंगे।- विजयलक्ष्मी माली अध्यक्ष जनआरोग्य समिति प्राथमिक स्वास्थ केंद्र कानड़
हमने डॉक्टर की कमी को लेकर अधिकारियों को पत्र दिया हे। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ केंद्र परिसर में नवीन बिल्डिंग लेब की बनी उसको भी जल्द चालू किया जाएगा।- महेश निगवाल बीएमओ आगर मालवा