
नईदुनिया न्यूज, मक्सी (शाजापुर)। नगर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब उज्जैन रोड स्थित देवास रेलवे फाटक के पास खुले में विस्फोटक सामग्री पड़ी मिली। रेलवे फाटक जैसे संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्र में 6 पेटी जिलेटिन रॉड मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने संदिग्ध पेटियां देख तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर सामग्री को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में बरामद सामग्री जिलेटिन रॉड बताई जा रही है, जिसका उपयोग खदानों और ब्लास्टिंग कार्यों में किया जाता है।
खुले स्थान पर इतनी खतरनाक सामग्री मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रेलवे फाटक क्षेत्र में दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में यदि समय रहते लोगों की नजर इन पेटियों पर नहीं पड़ती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में भी हड़कंप की स्थिति बन गई। मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विस्फोटक सामग्री यहां तक कैसे पहुंची। पुलिस संदिग्ध लोगों की गतिविधियों और वाहनों की भी जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में रतलाम क्षेत्र से भी इस मामले का संभावित कनेक्शन सामने आया है। जानकारी के अनुसार वहां किसी विस्फोटक भंडारण स्थल से सामग्री चोरी होने और ट्रक कटिंग की घटना की चर्चा है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन जांच एजेंसियां इस दिशा में भी पड़ताल कर रही हैं।
विशेषज्ञ टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है, जो बरामद सामग्री की गुणवत्ता और उपयोग की पुष्टि करेगी। इसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह मामला लापरवाही का है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा। घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और विस्फोटक सामग्री की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे फाटक जैसे संवेदनशील स्थान पर विस्फोटक सामग्री का खुले में मिलना चिंता का विषय है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।