शाजापुर में पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर वकील से 4.69 लाख की ठगी, छह बार में खाते से निकाली राशि
पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने बैंक का अधिकारी बनकर 72 वर्षीय वकील को फोन किया और उनके बैंक खाते से छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से चार लाख 69 हजार 500 रुपये निकाल लिए।
Publish Date: Tue, 10 Nov 2026 09:09:06 AM (IST)Updated Date: Tue, 10 Nov 2026 09:09:06 AM (IST)
इंदौर में वकील से की ठगी। -एआई इमेजHighLights
- बैंक अधिकारी बनकर किया फोन
- अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान हुई वारदात
- 1930 पर की शिकायत, पुलिस से कार्रवाई की मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर : पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने बैंक का अधिकारी बनकर 72 वर्षीय वकील को फोन किया और उनके बैंक खाते से छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से चार लाख 69 हजार 500 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने बैंक से संपर्क कर अपना खाता होल्ड करवाया और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में शाजापुर के शरद नगर निवासी फरियादी ने बताया कि वे वकालत करते हैं। 25 सितंबर को वे इंदौर में निजी अस्पताल में भर्ती थे। इसी दौरान शाम करीब पांच बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक का अधिकारी बताते हुए पेंशन कार्ड बनाने की बात कही।
उनके मोबाइल पर 50 हजार रुपये खाते से डेबिट होने का मैसेज आया
फरियादी ने कोई जवाब नहीं दिया और फोन काट दिया। कुछ देर बाद दूसरे मोबाइल नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उनका नाम पूछा, जिस पर फरियादी ने फोन काट दिया। इसी दौरान उनके मोबाइल पर 50 हजार रुपये खाते से डेबिट होने का मैसेज आया।
खाते से छह बार में कुल चार लाख 69 हजार 500 रुपये निकाले जा चुके
उन्होंने तत्काल बैंक की शाजापुर शाखा में संपर्क किया तो पता चला कि उनके खाते से छह बार में कुल चार लाख 69 हजार 500 रुपये निकाले जा चुके हैं। बैंक से मिली जानकारी के अनुसार खाते से 95 हजार, 95 हजार, 90 हजार, 90 हजार, 49 हजार 500 और 50 हजार रुपये के छह ट्रांजेक्शन हुए। खाते से बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलते ही फरियादी ने बैंक से अपना खाता होल्ड करवा दिया। 25 सितंबर को शाम 5:46 बजे साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई थी। मामले में लालघाटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।