
नईदुनिया प्रतिनिधि, आगर-मालवा। शहर की एक कॉलोनी में निवासरत 14 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा ने आरोप लगाया कि कोचिंग जाने के दौरान रास्ते में चार युवकों ने अश्लील इशारे किए। घर पहुंचकर पिता को घटना बताई तो वे आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे। इसके बाद आरोपियों ने छात्रा के घर पहुंचकर पिता और भाई के साथ मारपीट कर दी।
घटना बुधवार शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। गुरुवार को पीड़िता ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि वह सहेलियों के साथ कोचिंग जा रही थी, तभी रास्ते में आरोपियों ने अश्लील इशारे किए।
यह भी पढ़ें- इंदौर में उबर ड्राइवर ने की नाबालिग से छेड़छाड़, विरोध करने पर रास्ते में उतारा, भाई को पीटकर भागा
इससे वह कोचिंग जाने के बजाय घर लौट आई और पिता को पूरी बात बताई। पिता आरोपियों के घर उनके परिजनों से शिकायत करने पहुंचे थे। इसके बाद आरोपियों ने घर आकर पिता और भाई के साथ मारपीट की।
पुलिस ने आरोपी विपिन, प्रेम, विनय और आयुष के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।