
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर/ सलसलाई। देव दर्शन की आस्था लेकर घर से निकले एक परिवार को रास्ते में ऐसा दर्दनाक हादसा झेलना पड़ा कि एक ही झटके में पूरा परिवार उजड़ गया। सारंगपुर-सलसलाई हाईवे पर गोदना के पास शनिवार को पिकअप की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी और उनके एक साल से अधिक के मासूम बच्चे की मौत हो गई। तीनों बोलाई में हनुमानजी के दर्शन करने के बाद अय्यापुर जा रहे थे। हादसे की खबर से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।
जानकारी के अनुसार आष्टा की इंद्रा कालोनी निवासी अजित पुत्र रामसिंह पंवार (30 वर्ष) अपनी पत्नी पूजा (27 वर्ष) और एक साल के बच्चे के साथ बाइक से निकले थे। परिवार बोलाई में हनुमानजी के दर्शन करने के बाद अय्यापुर की ओर जा रहा था।इसी दौरान सारंगपुर-सलसलाई हाईवे पर गोदना के पास पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार संभल भी नहीं पाए और तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पति, पत्नी और मासूम बच्चे की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही सलसलाई पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी जनक सिंह रावत के अनुसार बाइक सवार परिवार हाईवे से गुजर रहा था, तभी सामने से कुत्ता आ गया जिसे बचाने के चक्कर में पीछे से आई पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- बेंगलुरु के 5-स्टार होटल के स्विमिंग पूल में करंट फैलने से दो विदेशियों की मौत, बचाने आए दो लोग भी घायल
जिस परिवार ने घर से निकलते समय देव दर्शन और सुखद यात्रा की उम्मीद की होगी, उसकी यात्रा कभी पूरी नहीं हो सकी। पति, पत्नी और एक साल के बच्चे की एक साथ मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस मासूम ने अभी दुनिया को ठीक से देखा भी नहीं था, वह भी इस हादसे का शिकार हो गया। हादसे की खबर जिसने भी सुनी, वह स्तब्ध रह गया।