
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित हिल्टन समूह के 24 मंजिला लग्जरी होटल 'कॉनराड' में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज हादसा पेश आया। होटल की तीसरी मंजिल पर स्थित स्विमिंग पूल में उतरे दो विदेशी मेहमानों की संदिग्ध रूप से बिजली का करंट लगने से जान चली गई। मृतकों को बचाने के प्रयास में एक अमेरिकी अतिथि तथा होटल का एक भारतीय कर्मचारी भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए।
मृतकों में जर्मनी के 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस (लुफ्थांसा एयरलाइंस में क्रू सदस्य) तथा स्लोवाकिया के 45 वर्षीय जुराज होर्वाट (आईबीएम में प्रोजेक्ट मैनेजर) शामिल हैं। दोनों इसी होटल में ठहरे हुए थे। डूबते और तड़पते साथियों की मदद के लिए आगे आए 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसैंटिस तथा पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी भी करंट लगने से जख्मी हो गए। दोनों को तुरंत मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर है।
लगभग 25,000 प्रति रात के बेस फेयर वाले इस अल्ट्रा-लग्जरी होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर इस त्रासदी के बाद गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले को लेकर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी तरफ, होटल प्रबंधन ने आधिकारिक तौर पर चुप्पी साध रखी है।
यह भी पढ़ें- तेंदुए को करंट लगाकर उतारा मौत के घाट, टंगिया से काटे थे चारों पंजे
हालांकि शनिवार सुबह उनकी वेबसाइट पर पूल को 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक रखरखाव के नाम पर बंद किए जाने की सूचना चस्पा कर दी गई। पुलिस अब पूल के इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट्स और वायरिंग की तकनीकी जांच कर रही है ताकि करंट उतरने की असली वजह साफ हो सके।