
नईदुनिया न्यूज, शुजालपुर। घर में अगले महीने होने वाली शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार को उम्मीद थी कि दीपक की शादी के बाद घर में खुशियां आएंगी, लेकिन बुधवार को एक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। ग्राम अरनियाकला की स्टील वेल्डिंग दुकान पर काम करते समय ग्राइंडर का पत्ता टूटकर 25 वर्षीय दीपक के गले में जा धंसा। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर से उसके गृह ग्राम अलीसरिया में शोक छा गया। दीपक पुत्र धरम सिंह जादौन उर्फ भुरु सिंह निवासी अलीसरिया पिछले पांच वर्षों से अरनियाकलां में टिंकू विश्वकर्मा की वेल्डिंग दुकान पर काम कर रहा था। बुधवार सुबह वह दुकान पहुंचा।
भोजन के बाद काम पर लौटा और स्टील पाइप काटने लगा। इसी दौरान ग्राइंडर का पत्ता टूटकर उसके गले में जा लगा। साथी कर्मचारी उसे पहले निजी अस्पताल और फिर शुजालपुर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दीपक परिवार का इकलौता बेटा और घर में कमाने वाला अकेला सदस्य था। बचपन में मां का निधन हो गया था। परिवार में पिता और एक विवाहित बहन हैं। दीपक पांच वर्षों से काम कर परिवार का खर्च चला रहा था। अगले महीने उसकी शादी होने वाली थी और घर में तैयारियां चल रही थीं।
यह भी पढ़ें- मीट ग्राइंडर में गिर गया इंसान, फिर भी बच गई जान
अचानक हुई इस घटना ने पिता के बुढ़ापे के सहारे को छीन लिया। मंडी थाना पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बुधवार को गृह ग्राम अलीसरिया में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। बेटे की असमय मौत से पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
यह भी पढ़ें- हार्डवेयर कारोबारी के बेटे ने ग्राइंडर मशीन चालू कर गर्दन रख दी, बटन दबाते ही हुई दर्दनाक मौत