
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर : तलवार लहराता कंस, चेहरे पर अहंकार, गूंजता राक्षसी अट्टहास और दूसरी ओर अधर्म के अंत का संकल्प लिए भगवान श्रीकृष्ण। देव और दानवों के बीच तीखे संवाद, व्यंग्य के तीर और ठहाकों के बीच एक बार फिर शाजापुर में मामा कंस का वध होगा।
शहर की 273 वर्ष पुरानी परंपरा कंस वधोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंगलवार को सोमवारिया बाजार चौराहे पर कंस का विशाल पुतला स्थापित किया गया। आकर्षक वेशभूषा और विशाल आकार वाले इस पुतले को देखने के लिए दिनभर बच्चों और नागरिकों की भीड़ जुट रही है।
19 नवंबर की रात होने वाले इस आयोजन में केवल कंस वध का दृश्य ही आकर्षण नहीं रहेगा, बल्कि देवताओं और दानवों के बीच होने वाला वाकयुद्ध भी दर्शकों को खूब गुदगुदाएगा। कलाकारों के संवादों में स्थानीय अव्यवस्थाओं से लेकर देश और प्रदेश के राजनीतिक एवं सामाजिक घटनाक्रम तक पर तीखे कटाक्ष सुनने को मिलेंगे।
यही वजह है कि इस आयोजन का इंतजार शहरवासियों को हर साल रहता है। आयोजन समिति के अनुसार बालवीर हनुमान मंदिर से भव्य चल समारोह निकाला जाएगा। इसमें पारंपरिक वाद्ययंत्र, घोष, नृत्य मंडलियां, कलाकार और समाजजन शामिल होंगे।
कंस वधोत्सव की खासियत यह है कि इसमें धार्मिक प्रसंगों के साथ समसामयिक घटनाओं को भी संवादों का हिस्सा बनाया जाता है। श्रीकृष्ण के सखा और कंस के सैनिक बनने के लिए युवाओं में खासा उत्साह रहता है। कलाकार कई दिन पहले से संवादों की तैयारी और रिहर्सल में जुट जाते हैं।
आजाद चौक पर होने वाले वाकयुद्ध के लिए तुकबंदी और व्यंग्य तैयार किए जाते हैं। मंच पर कंस का राक्षसी अट्टहास और कलाकारों के तीखे कटाक्ष दर्शकों को हंसाने के साथ सोचने पर भी मजबूर करते हैं। मंच पर व्यंग्य, तुकबंदी और रोचक संवादों का दौर चलेगा। इस बार कंस का पुतला उज्जैन के कलाकारों ने तैयार किया है। रात ठीक 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण कंस का वध करेंगे।
आयोजन में गवली समाज की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहेगी। इस बार सोमवारिया बाजार में समाज के वरिष्ठजनों का साफा बांधकर और पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया जाएगा। कंस वधोत्सव समिति, श्रीकृष्ण व्यायामशाला ट्रस्ट और शांतिवन समिति मिलकर आयोजन की व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।
आयोजन समिति के तुलसीराम भावसार के अनुसार, करीब 273 वर्ष पहले गोवर्धननाथ मंदिर के मुखिया स्व. मोतीराम मेहता ने मथुरा में कंस वधोत्सव देखा था। आयोजन की अनूठी परंपरा से प्रभावित होकर उन्होंने शाजापुर में भी इसे शुरू करने की इच्छा जताई।
इसके बाद सोमवारिया क्षेत्र में मंदिर परिसर में रासलीला के रूप में इसकी शुरुआत हुई, जो आगे चलकर सोमवारिया बाजार का प्रमुख आयोजन बन गया। समिति के सदस्यों का कहना है कि कंस वधोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अहंकार, अत्याचार और अन्याय के अंत का प्रतीक भी है। भगवान श्रीकृष्ण ने अपने माता-पिता और मथुरा की प्रजा को कंस के अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। इसी संदेश को जीवंत रखने के लिए शाजापुर में सदियों से यह परंपरा निभाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- kans vadh : शाजापुर में रात 12 बजे हुआ कंस के पुतले का वध, गलियों से निकली देव-दानवों की टोलियां