
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर : कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई में इस बार भी खूब हंगामा हुआ। पिछली जनसुनवाई में एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया था। वहीं इस बार एक युवक ने ईंट-पत्थर से खुद को चोट पहुंचाकर जान देने की कोशिश की।
युवक राजेंद्र कुमार शुजालपुर अनुभाग के ग्राम खड़ी का निवासी है। पट्टे की जमीन की रजिस्ट्री नही होने से वह परेशान है, पिछली जनसुनवाई में भी आवेदन दिया था। किंतु समस्या का समाधान नही होने से इस बार आत्महत्या के इरादे से पहुंचा था।
युवक को कलेक्ट्रेट में तैनात होमगार्ड सैनिक और पुलिसकर्मियों ने खुद को चोट पहुंचाने से रोका। हालांकि इसके बावजूद उसने अपने सिर में ईंट मार ली थी। युवक को लालघाटी थाने भेजा गया। जहां पुलिस ने उसे समझाइश देकर मामला शांत कराया।
इसके पहले एसडीएम मनीषा वास्कले और डिप्टी कलेक्टर आलोक वर्मा ने भी कलेक्ट्रेट परिसर में राजेंद्र को समझाने का प्रयास किया। किंतु वह रो-रो कर यही कहता रहा कि मेरी रजिस्ट्री नही हो रही, मुझे लोन नही मिल रहा। मैं और मेरे बच्चे परेशान हैं। मुझे परेशान होते सात महीने हो गए हैं। मुझे धनतेरस तक लोगों का पैसा देना है, कहां से पैसा दूंगा। मैं भारत से बाहर का हूं क्या। आज मेरी रजिस्ट्री होना तय है, नही तो आज मेरी मौत होगी। इसके जिम्मेदारी पूरे प्रशासन की होगी।
पोलायकलां तहसील के ग्राम खड़ी निवासी राजेंद्र का कहना है कि पट्टे की जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। इसके लिए वह पिछले कई महीनों से भटक रहा है। रजिस्ट्री नहीं होने के कारण उसे बैंक से ऋण भी नहीं मिल पा रहा है। इसी समस्या को लेकर वह मंगलवार को जनसुनवाई में शिकायत करने पहुंचा था। आवेदन देने से पहले ही उसने कलेक्टर परिसर के बाहर विरोध शुरू कर दिया।
राजेंद्र मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं इसकी जिम्मेदार कलेक्टर की रहेगी। प्रशासन की रहेगी। वह रोते हुए भ्रष्ट प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाता रहा। युवक द्वारा खुद को चोट पहुंचाने और हंगामा किए जाने के कारण काफी देर तक परिसर में अफरा-तफरी मची रही। एसडीएम मनीषा वास्कले और डिप्टी कलेक्टर आलोक वर्मा काफी देर तक बाहर ही खड़े रहे।
कलेक्टर डा. परिक्षित संजयराव झाड़े ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा में सोमवार को निर्देश दिए कि 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से निराकरण करने और लोक सेवा गांरटी अधिनियम 2010 के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समयावधि में करने के निर्देश दिए। ऐसा नही होने पर राजस्व अधिकारियों पर 250 रूपये प्रतिदिवस की राशि का अर्थदंड लगाने की बात कही है।
स्वामित्व अधिकार अभिलेख योजना के तहत हितग्राहियों की निशुल्क रजिस्ट्री में बेहतर काम करने वाले पटवारियों को अब कलेक्टर सम्मानित करेंगे। समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर डा.परिक्षित संजयराव झाड़े ने प्रत्येक अनुभाग से तीन-तीन पटवारियों का चयन करने के निर्देश दिए। चयनित पटवारियों को बैठक में प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की 100 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा। लोक सेवा गारंटी के प्रकरण समयसीमा में नहीं निपटाने वाले राजस्व अधिकारियों पर 250 रुपये प्रतिदिन अर्थदंड लगाने के निर्देश भी दिए है।
युवक की रजिस्ट्री तकनीकि कारण से नही हो सकी है। समस्या का समाधान भोपाल स्तर से होगा। हमने इसकी जानकारी भोपाल भेजी है। युवक की समस्या को देखते हुए मैं खुद व्यक्तिगत रुप से यह काम कराने का प्रयास करूंगा। युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया, उसके लिए उसे समझाइश दी गई है। -डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े, कलेक्टर
यह भी पढ़ें- छेड़छाड़ से डरी छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ा, पुलिस से लगाई गुहार, कार्रवाई नहीं हुई तो एसपी की जनसुनवाई में पहुंची