
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। नगर परिषद पानखेड़ी कालापीपल अध्यक्ष की शिकायत पर पार्षद पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत कालापीपल थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। पार्षद पति द्वारा अध्यक्ष को गालियां देते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ था।
मामले में अध्यक्ष जेपी अग्रवाल ने थाने में लिखित शिकायत की थी। जिस पर पुलिस ने परिषद के वार्ड क्रमांक-पांच पार्षद अनिता राजपूत के पति और प्रतिनिधि भगवतसिंह राजपूत के खिलाफ केस दर्ज किया है।
अध्यक्ष द्वारा की गई शिकायत में आरोप लगाया कि राजपूत ने 17 नवंबर को सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अग्रवाल को गाली दी और उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया। अग्रवाल ने यह भी आरोप लगाया कि राजपूत पहले नगर परिषद में उनके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे चुके हैं और शासकीय कार्यों में बाधा डालते रहे हैं।
यह भी पढ़ें- राजगढ़: सरकारी अस्पताल में महिला से रेप और वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग का आरोप; FIR दर्ज
शिकायत के मुताबिक, 18 नवंबर को नगर परिषद कार्यालय में भी उन्हें दोबारा धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। उल्लेखनीय है कि नगर परिषद अध्यक्ष जेपी अग्रवाल और आरोपित पार्षद पति भगवतसिंह राजपूत दोनों ही भाजपा से हैं।
पार्षद पति भगवतसिंह राजपूत द्वारा मुझे गालियां देने का वीडियो बहुप्रसारित हुआ था। मैंने राजपूत पर कार्रवाई के लिए पुलिस को आवेदन दिया। जिस पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। वीडियो से मेरी छवि धूमिल हुई। - जेपी अग्रवाल, अध्यक्ष, नगर परिषद पानखेड़ी कालापीपल।
मेरे कांग्रेसी मित्र ने मेरा एक वीडियो इंटरनेट पर पोस्ट किया है। वह गर्मी का समय था, जब इस वार्ड में पांच-सात दिन में पानी सप्लाई हो रहा था। इसी दौरान वार्ड क्रमांक पांच में पानी की टंकी की पाइप लाइन कॉलोनी में ले जाई गई है। उसके लिए मैंने मना किया। कहा कि यहां पर एक टी लगा दो। जिससे अन्य वार्डवासियों को भी पानी मिल सकेगा। लेकिन कर्मचारियों ने बात नहीं मानी और अध्यक्ष द्वारा मना करने की बात कही। इससे भावावेश में आकर मेरे द्वारा अपशब्दों का प्रयोग हो गया। उसके लिए जय प्रकाश जी मेरे काका, बड़े भाई हैं। मैं उनसे माफी मांगता हूं।- भगवतसिंह राजपूत, पार्षद पति व प्रतिनिधि।