
नईदुनिया न्यूज, श्योपुर। साइकल से गली-मोहल्लों और गांवों में घूमकर गोली, बिस्किट आदि बेचने का काम करने वाले एक बुजुर्ग सेल्समैन ने अपने हिस्से की दुकान को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद का समाधान नहीं होने पर मंगलवार को जनसुनवाई में आखिरी गुहार लगाई और जहरीला पदार्थ गटक कर दम तोड़ दिया।
बुजुर्ग की रोजी-रोटी साइकल कलेक्ट्रेट बिल्डिंग के मुख्य दरवाजे के पास पिलर से टिकी रह गई, उधर जिला अस्पताल में मृतक की पत्नी और परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्होंने अधिकारियों पर सुनवाई नहीं करने के आरोप लगाए हैं।
मृतक करीब 60 वर्षीय देवेंद्र गोयल वैसे तो ढोढर कस्बे के रहने वाले हैं लेकिन, लंबे समय से श्योपुर शहर के टोड़ी गणेश बाजार में रह रहे हैं। उनकी पत्नी पिंकी गोयल ने बताया कि, वह रोजाना साइकल से गोली, बिस्किट आदि बेचने का काम करते थे। उनके ससुर के पास 3 दुकानें थीं जो उन्होंने हाथ से लिखे हुए कागज से तीनों बेटों को एक-एक दुकान दी थी।
उस दुकान पर देवेंद्र ने भी दुकानदारी की और बाद में किराए पर वह दुकान लगा दी लेकिन, जैसे ही उनके भाई की मौत हुई वैसे ही उनके बच्चों ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर उसे कब्जा लिया। इसी मामले की शिकायत देवेंद्र ने नगर पालिका से लेकर तहसीलदार, एसडीएम कार्यालय तक की लेकिन, कोई समाधान नहीं निकला।
इसके बाद मंगलवार को वह कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में आखिरी गुहार लगाने पहुंचे। इसके बाद क्या हुआ उनके परिवारजनों को भी नहीं पता लेकिन, जब देवेंद्र को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के वेंटिलेटर पर भर्ती कराया गया तो कुछ ही घंटे बाद उनकी मौत हो गई। उन्होंने जहर कब गटका और जनसुनवाई में अधिकारियों ने उन्हें क्या आश्वासन दिया यह किसी को नहीं पता लेकिन, उनकी साइकल कलेक्ट्रेट भवन के मुख्य दरवाजे के बाहर पिलर से टिकी हुई है।
देवेंद्र गोयल मरने से पहले कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में फरियाद लेकर गए थे, यह तो कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के पास पिलर से टिकी हुई उनकी साइकल को देखकर पता लग रहा हैै लेकिन, वह अस्पताल के वैंटीलेटर पर कैसे पहुंचे, उन्हें भर्ती किसने कराया यह कोई भी नहीं बता पा रहा है।
उधर जनसुनवाई में शामिल रहने वाले अधिकारी ऐसे किसी भी शख्स के वहां नहीं पहुंचने की बात कह रहे हैं, परिवारजनों को भी इसकी जानकारी नहीं है, सिर्फ अंदाजा लगाया जा रहा है कि, या तो देवेंद्र जनसुनवाई में पहुंचने से पहले ही जहरीला पदार्थ गटक कर गए होंगे या फिर उन्हें जनसुनवाई में भी न्याय नहीं मिला होगा तब उन्होंने यह प्राण घातक कदम उठाया होगा। पुलिस को भी मामले की जानकारी नहीं लगी थी, इसलिए पुलिस देवेंद्र की मौत के बाद जिला अस्पताल पहुंची।
यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी की तपिश से बढ़ाई बिजली खपत, भोपाल में टूटे सारे पुराने रिकॉर्ड, मई में आया 22% का भारी उछाल
मेरे ससुर के तीन दुकानें थीं, जिन्हें उन्होंने अपने बेटों को कई साल पहले दीं और कच्ची लिखा पढ़ी कर दी, ससुर जी के बाद मेरे पति के भाई की मौंत हो गई, अब उनके बेटे हमारी दुकान पर जबरन ताला लगाकर हमारे किराए दार से दुकान को खाली करवा लिया, तभी से मेरे पति परेशान थे,उन्होंने अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई लेकिन, सुनवाई नहीं हुई, आज क्या हुआ मुझे तो इसकी जानकारी नहीं है बस इतना पता था कि, वह जनसुनवाई में जाएंगे।