
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। श्योपुर के खेल इतिहास में सोमवार से एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। जिले में पहली बार अंडर-14 राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
2 नवंबर से 4 नवंबर तक क्रीड़ा परिसर, ढेंगदा में आयोजित होने वाले इस खेल महाकुंभ में प्रदेश के 10 संभागों के 500 से अधिक बालक-बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को दोपहर 3 बजे होगा। आयोजन को लेकर खेल एवं शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कलेक्टर शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में होने वाला यह आयोजन जिले को प्रदेश के खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में अलग-अलग एथलेटिक्स स्पर्धाओं के माध्यम से खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जुटा हुआ है।
जिला शिक्षा अधिकारी यश जैन के अनुसार प्रतियोगिता में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो, 80 मीटर स्टीपलचेज सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित होंगी। बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागी पदक और श्रेष्ठ स्थान हासिल करने के लिए अपनी गति, कौशल और सहनशक्ति की परीक्षा देंगे। प्रदेश के 10 संभागों से आने वाले खिलाड़ियों की मौजूदगी से क्रीड़ा परिसर में खेल उत्साह का माहौल बनेगा।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर GRMC में मेडिकल छात्रा से सहपाठी ने वाशरूम में की गंदी हरकत, विरोध करने पर की मारपीट
श्योपुर में पहली बार इतने बड़े स्तर की राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता होने से स्थानीय खिलाड़ियों को भी नई प्रेरणा मिलेगी। प्रदेशभर की खेल प्रतिभाओं को करीब से देखने और उनसे प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक दक्षता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। तीन दिन तक चलने वाला यह आयोजन जिले की खेल क्षमता और मेजबानी कौशल का भी परिचय देगा।