
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। मादा चीता निर्वा और उसके 3 शावकों को बाड़े से खुले जंगल में छोड़ा गया है। छोड़े गए शावकों में 2 नर और 1 मादा है जो 11 महीने के हैं। अब यह अपनी मां चीता निर्वा के साथ खुले जंगल में तेज रफ्तार में भाग सकेंगे, पसंदीदा जानवर का शिकार कर अपने लिए भोजन का इंतजाम कर सकेंगे। साथ ही हिंसक जानवरों से अपनी सुरक्षा करने के तौर-तरीके भी खुले जंगल में सीखेंगे।
अहेरा जोन के जंगल में छोड़ा गया
निर्वा चीता और उसके 3 शावकों को पालपुर ईस्ट रेंज इलाके के अहेरा जोन के जंगल में छोड़ा गया है। अहेरा गेट से आने वाले पर्यटक अब इन चीतों को देख सकेंगे। यहां बता दें कि 11 महीने पहले निर्वा चीता ने शावकों को जन्म दिया था। तब से सभी शावक अपनी चीता मां के साथ बाड़े के भीतर रहकर जंगल में रहने के हुनर और शिकार करने से लेकर अपनी सुरक्षा करने के तरीके सीख रहे थे, लेकिन खुले जंगल में पहुंचने के बाद उनकी असली ट्रेनिंग शुरू होगी।
यह भी पढ़ें- मुंह में पानी ला देगी भोपाल के न्यू मार्केट की ये कुरकुरी टिक्का चाट, पिछले 10 सालों से जीत रही सभी का दिल