
Sheopur News: नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। शहर में बनकर तैयार हुए दो संजीवनी क्लीनिकों का संचालन सोमवार से शुरू हो जाएगा। इसके लिए जिले के स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां करते हुए दोनों क्लीनिकों पर अपने स्तर से डाक्टरों की पोस्टिंग कर दी है। वहीं स्टाफ नर्स और सफाई कर्मी को भी नियुक्त कर दिया गया है। दोनों संजीवनी क्लीनिकों का संचालन शुरू होने के बाद बस स्टैंड के पीछे और होटल जय श्री पैलेस के पीछ के क्षेत्र में रहने वाले लोगो को छोटी मोटी बीमारी के लिए जिला अस्पताल की दौड लगानी नहीं पडेगी। वहीं जिला अस्पताल पर बढ रहा मरीजों का लोड भी कम होगा।
बता दें कि, शहर श्योपुर में शासन स्तर से तीन संजीवनी क्लीनिक स्वीकृत किए गए है। इनके लिए 25-25 लाख रुपये की राशि स्वीकृति प्रदान की और इनके निर्माण की जिम्मेदारी नगर पालिका श्योपुर को सौपी गई। इनमें से एक संजीवनी क्लीनिक तो बस स्टैंड के पीछे बनकर तैयार हो गया है। वहीं दूसरा संजीवनी क्लीनिक वार्ड क्रमांक 15 में होटल जय श्रीपैलेस के पीछे बनाया गया है। जबकि तीसरे संजीवनी क्लीनिक का निर्माण पुराने जिला अस्पताल किया जा रहा है। जो अभी निर्माणधीन है। नगरपालिका ने दोनों संजीवनी क्लीनिकों को बनाने के बाद इन्हें स्वास्थ्य विभाग के हैंडओवर भी कर दिया है। जिसके बाद इन दोनों संजीवनी क्लीनिकों को संचालित होने का इंतजार बना हुआ था। लेकिन अब दोनों संजीवनी क्लीनिकों का संचालन शुरू करने की स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी कर ली है। सीएमएचओ डा. जगदीश सिंह राजपूत ने बताया कि अभी संजीवनी क्लीनिकों के लिए शासन स्तर से स्टाफ तो नहीं मिला है,लेकिन जिला स्तर से इनके लिए डाक्टरों की व्यवस्था कर दी है।
पीएचसी दुर्गापुरी में पदस्थ डा. यश दानी को वार्ड क्रमांक 15 जय श्रीपैलेस के पीछे बने संजीवनी क्लीनिक पर पदस्थ किया है। वहीं पीएचसी बरगवां में पदस्थ डा. राजेंद्र वर्मा को बस स्टैंड के पीछे बने संजीवनी क्लीनिक पर पदस्थ किया है। स्टाफ नर्स के रूप में कमलेश पालीवाल को बडौदा सीएचसी से हटाकर इन दोनों संजीवनी केंद्रों की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नियुक्त सफाईकर्मी अशोक को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई करने के बाद दोनों संजीवनी क्लीनिकों पर पहुंचकर सफाई करने की जिम्मेदारी सौंप दी है। फर्नीचर और दवाईयों की व्यवस्था भी की जा रही है।
पुराने जिला अस्पताल परिसर में संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर यूं तो डा. केएल पचौरिया पदस्थ है। लेकिन अब इस शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शाम के समय सीएमएचओ डा. जगदीश सिंह राजपूत भी एक घंटा बैठकर मरीजों को इलाज उपलब्ध कराएंगे। ताकि शहरी क्षेत्र के मरीजों को इलाज की उपलब्ध हो सके और उन्हें वेवजह जिला अस्पताल की दौड नहीं लगानी पडे।
दोनो संजीवनी क्लीनिकों का संचालन आज से शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए तैयारी कर ली है। मै स्वयं भी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शाम के समय मरीजों को इलाज उपलब्ध कराने के लिए एक घंटे बैठने की शुरूआत करूंगा।
डा. जगदीश सिंह राजपूत, सीएमएचओ, श्योपुर