
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। कोलारस थानांतर्गत गुरुवार की शाम ग्राम मोहराई में खेत की जुताई करने के लिए गया था। किसान का शव हाईवे पर पड़ा हुआ मिला है। मृतक के स्वजन परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर इसे हत्या करार दे रहे हैं, जबकि पुलिस इसे हादसा मान कर चल रही है।
इसी के चलते टकराव की स्थिति पैदा हो गई और स्वजनों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। जानकारी के अनुसार, ग्राम मोहराई निवासी 35 वर्षीय किसान हिरेंद्र धाकड़ गुरूवार की शाम 4 बजे घर से ट्रेक्टर लेकर खेत जोतने के लिए गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। जब स्वजनों ने उसे फोन लगाए तो उसने फोन अटेंड नहीं किए।
इसी क्रम में रात तीन बजे जब उसके मोबाइल पर फिर से फोन लगाया गया तो फोन डायल-112 के पुलिस स्टाफ ने उठाया। पुलिस ने स्वजनों को बताया कि हिरेंद्र का शव गिलगवां के पास हाईवे पर पड़ा हुआ है, संभवत: उसका एक्सीडेंट हो गया है।
जब स्वजन मौके पर पहुंचे तो हिरेंद्र का ट्रैक्टर घटना स्थल से करीब 25 फीट दूर सुरक्षित खड़ा हुआ था। ऐसे में वह यह मानने के लिए तैयार नहीं हैं कि, हिरेंद्र धाकड़ की मौत हादसा है। उनका कहना है कि किसी ने हिरेंद्र की हत्या कर शव को सड़क पर फेंका है ताकि किसी वाहन की चपेट में आने के बाद यह हादसा नजर आए।
उनका तर्क है कि अगर यह हादसा होता तो ट्रैक्टर घटना स्थल से दूर सुरक्षित इस तरह क्यों खड़ा होता, जैसे उसे पार्क किया गया है। पुलिस मौत को प्रारंभिक पड़ताल में हादसा मान रही थी और पड़ताल के बाद कायमी की बात कह रही थी, जिसके बाद स्वजनों ने गिलगवां के पास हाईवे पर चक्का जाम कर दिया।
सुबह 10:30 बजे से चक्का जाम किया गया जो दोपहर 2:30 बजे तक अज्ञात पर गैर इरादतन हत्या की धाराओं में मामला कायम होने के बाद समाप्त हुआ।
फोन कॉल और ट्रांजेक्शन ने उलझाई गुत्थी
इस पूरे मामले में देर रात 2 से 3 बजे के बीच मृतक के मोबाइल पर आए फोन कॉल और मोबाइल से हुए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन ने पूरे मामले को उलझा दिया है।
स्वजनों का कहना है कि इतनी रात किन लोगों ने फोन किए और फोन क्यों किए गए। इसके बाद रात के समय मृतक के मोबाइल से पैसों का ट्रांजेक्शन क्यों किया गया। स्वजनों का कहना है कि इन सभी लोगों से पूछताछ की जाए तो हत्या की गुत्थी सुलझ जाएगी।
शराब पार्टी और जुए के बीच झगड़े की चर्चा
इस पूरे मामले में ग्रामीण और पुलिस से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी में यह बात भी सामने आई है कि, मृतक किसान को रात में कुछ अज्ञात लोगों के साथ देखा गया था। उक्त सभी लोगों ने एक होटल पर शराब पार्टी की। इसके साथ ही जुआ खेलने की बात भी बताई जा रही है।
यह चर्चा भी है कि शराब व जुए के बाद उक्त लोगों में झगड़ा भी हुआ। ऐसे में स्वजनों की हत्या की आशंका और अधिक बढ़ गई है। ह
यह भी पढ़ें- फर्जी पासपोर्ट मामला: चुनौती बने बौद्ध भिक्षु बांग्लादेशी, कुछ विदेश भागे; अब फंडिंग की पड़ताल पर फोकस
हत्या और हादसा, सभी पहलुओं पर की जा रही जांच
कोलारस टीआई जितेंद्र चंदेलिया का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर तो यह हादसा प्रतीत हो रहा है, क्योंकि मृतक का सिर पूरी तरह कुचल गया है। अगर मौके पर ट्रैक्टर, मोबाइल नहीं मिलते तो शायद उसकी पहचान तक नहीं हो पाती।
इसके अलावा घटना स्थल पर तेजी से ब्रेक लगने से टायर जैसे निशान भी प्रतीत हो रहे हैं। ऐसे में यह प्रथम दृष्टया हादसा प्रतीत हो रहा है। रही बात बात फोन काल और ट्रांजेक्शन की तो पुलिस उक्त संबंधित व्यक्तियों से भी पूछताछ कर रही है। जो भी तथ्य पड़ताल व पीएम रिपोर्ट में सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में दीवाली पर 2 हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा, सादा वर्दी में तैनात रहेगी क्राइम ब्रांच