शिवपुरी में पुलिस प्रताड़ना का आरोप लगा दुधमुंहे बच्चे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, फेंकने की दी धमकी
शिवपुरी के कोलारस में पुलिस प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एक युवक दुधमुंहे बच्चे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गया। टीआई की समझाइश के बाद वह नीचे उतरा।
Publish Date: Thu, 22 Oct 2026 03:27:19 PM (IST)Updated Date: Thu, 22 Oct 2026 03:27:19 PM (IST)
पानी की टंकी पर चढ़ा युवक। (नईदुनिया)HighLights
- पुलिस प्रताड़ना का आरोप लगाकर युवक टंकी पर चढ़ा।
- युवक ने बच्चे को नीचे फेंकने की धमकी दी।
- टीआई ने फोन पर बात कर युवक को समझाया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। कोलारस में पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक ने पानी की टंकी से दूधमुंहे बच्चे को भी नीचे फेंकने की धमकी दी। हालांकि बाद में मौके पर पहुंचे टीआई ने युवक को समझाइश दी जिसके बाद वह नीचे उतर आया।
ये है पूरा मामला
- जानकारी के अनुसार जगतपुर निलवासी सागर पुत्र बालू वाल्मिकी बुधवार की शाम अपने दूधमुंहे बच्चे को लेकर यह कहते हुए जगतपुर रेलवे स्टेशन रोड पर निर्माणाधीन पार्क में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया कि आए दिन पुलिस उसके घर आकर उसे परेशन करती है। उसे झूठे आपराधिक प्रकरण में फंसाने की बात कही जाती है। इतना ही नहीं कई बार पैसों की मांग भी की जाती है। इसी के चलते वह आज टंकी पर चढ़ गया।
इसके बाद उसकी पत्नी मनीषा भी अपने तीन बच्चों को लेकर मौके पर पहुंच गई और वह भी पानी की टंकी पर चढ़ गई। सागर ने अपने दूधमुंहे बच्चे को नीचे लटकाते हुए उसे फेंकने की धमकी तक दे डाली। मामले की सूचना मिलते ही टीआई पुनीत वाजपेयी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह एक युवक को पानी की टंकी पर चढ़वा कर फोन के माध्यम से सागर से बात की।
टंकी पर चढ़े सागर वाल्मीकि का कहना है कि पुलिसकर्मी रणवीर यादव, दीपक जाट और रामवरण आए दिन बिना वजह उसके घर में घुस आते हैं। कभी किसी तो कभी किसी बात का झूठा आरोप लगाते हैं, पैसे की मांग करते हैं और रहने नहीं दे रहे हैं। सागर का आरोप है कि पुलिसकर्मी उसे झूठे केस और चोरी के मामले में फंसाने की धमकी दे रहे थे। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर वह यह कदम उठाने को मजबूर हुआ।