_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, रन्नौद. शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसा हुआ। हादसे के बाद एक घायल व्यक्ति दो घंटे तक सड़क किनारे तड़पता रहा, लेकिन न तो वक्त पर पुलिस पहुंची और न ही कोई एम्बुलेंस। हद तो तब हो गई जब मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने भी घायल/शव को तुरंत अस्पताल भिजवाने की जगह उसे चुनावी मुद्दा बनाकर सड़क पर धरना शुरू कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 4 बजे खरैह निवासी 55 वर्षीय जगदीश जोशी (पिता भगवान लाल जोशी) अपनी बाइक से सजाई मार्ग होकर वापस गांव लौट रहे थे। खरैह में स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि जगदीश जोशी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने उन्हें उठाकर सड़क किनारे किया। गांव के दर्जनों लोग भी वहां जमा हो गए।
हादसे के बाद पुलिस केस के डर से मौके पर मौजूद किसी भी राहगीर या ग्रामीण ने घायल को अपनी गाड़ी से अस्पताल ले जाने की हिम्मत नहीं दिखाई। इस मामले में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय रघुवंशी का आरोप है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद रन्नौद थाना प्रभारी, एसडीएम (SDM) और तहसीलदार सभी को कई बार फोन मिलाया। लेकिन एक घंटे से अधिक समय तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी या डायल-100 मौके पर नहीं पहुंची।
करीब दो घंटे तक जब कोई सरकारी मदद नहीं पहुंची, तो आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण शव के पास ही सड़क पर धरने पर बैठ गए।
कांग्रेस अध्यक्ष विजय रघुवंशी का कहना है कि रन्नौद पुलिस की घोर लापरवाही के कारण समय पर इलाज न मिलने से व्यक्ति की जान चली गई। मृतक को न्याय दिलाने के लिए वे धरने पर बैठने को मजबूर हुए। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि यदि हादसे के तुरंत बाद बहसबाजी और राजनीति की जगह व्यक्ति को किसी भी वाहन से अस्पताल पहुंचा दिया जाता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।
यह भी पढ़ें- दो बेटियों के जन्म और दहेज की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने की खुदकुशी, पति समेत 8 लोगों पर FIR दर्ज