
नवदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी/करैरा। जिले के करैरा और सुभाषपुरा थानांतर्गत दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। करैरा थाना क्षेत्र के हाजीनगर में तीन लोगों की रेत के डंपर से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम भानगढ़ के पास एक बस ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
पहला हादसा शुक्रवार की देर रात करीब 8:30 बजे ग्राम हाजीनगर पर उस समय घटित हुआ जब शिवपुरी से एक डंपर सीहोर रेत भरने के लिए जा रहा था। जब डंपर हाजीनगर के पास पहुंचा तो डंपर के चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े ग्रामीण लोटन सिंह गुर्जर उम्र 35 साल और पैरू गुर्जर उम्र 25 साल निवासीगण हाजीनगर, रवि उर्फ रविन्द्र यादव उम्र 28 साल, केशव केवट उम्र 35 साल को टक्कर मार दी।
हादसे में लोटन सिंह गुर्जर, रवि उर्फ रविन्द्र यादव और केशव केवट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पैरू गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गया। पैरू की हालत भी नाजुक बनी हुई है। उसे उपचार के लिए झांसी रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि दतिया निवासी रवि व केशव मजदूरी करते थे और लोटन सिंह गुर्जर के मकान पर मजदूरी का काम करने के लिए आए थे। वह पिछले एक महीने से उसी के मकान पर रुके हुए थे। घटना के बाद गांव वालों ने डंपर को पकड़ लिया। डंपर चालक की पहचान छोटू पुत्र मनीराम ओझा निवासी आटामानपुर, जिला शिवपुरी के रूप में की गई है।
दूसरा सड़क हादसा शनिवार की दोपहर सुभाषपुरा थानांतर्गत ग्राम भानगढ़ के पास घटित हुआ। बताया जा रहा है कि ग्वालियर जिले के मोहना थाना क्षेत्र के ग्राम उम्मेदगढ़ निवासी बिजो बाई धाकड़, उसका पति विजय सिंह धाकड़, जलालगढ़ मुरैना निवासी विपुल कुमार रावत के साथ बाइक पर सवार होकर मोतीझला झड़वाने के लिए उम्मेदगढ़ से सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम भानगढ़ जा रहे थे।
जब उनकी बाइक भानगढ़ तिराहे पर पहुंची तभी शिवपुरी से ग्वालियर की तरफ जा रही तेज रफ्तार बस के चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बिजो बाई धाकड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति विजय व विपुल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
यहां बताना होगा कि तेज रफ्तार रेत के डंपर आए दिन सड़क हादसों का कारण बन रहे हैं। हाल ही में 2-3 जून की दरम्यानी रात भी अमोला थानांतर्गत हाईवे चौकी के पास रेत के तीन डंपर और एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। इस हादसे में कई लोग घायल हुए थे, परंतु इस हादसे को पुलिस दबा गई।
ग्रामीणों की मानें तो यह हादसा रात के समय हाईवे पर रेत से भरे डंपरों की चेकिंग के चलते घटित हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे पर जब वाहन चेकिंग चल रही थी तो एक तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से एक ट्रक में टक्कर मार दी, जिससे आगे लगे दो अन्य डंपर भी दुर्घटना के शिकार हो गए। इस तरह इस हादसे में चार वाहन क्षतिग्रस्त हुए थे। इस हादसे पर अमोला थाना प्रभारी चुप्पी साध गए थे।