
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान एक महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को कोई शिकायत नहीं, बल्कि अपना सुसाइड नोट सौंपा और इस बात का खुलासा किया कि नरवर थाने पर पुलिस द्वारा की गई अनसुनी से परेशान होकर उसने जहर खा लिया है। महिला को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती करवाया है।
जानकारी के अनुसार दतिया निवासी माही उर्फ प्रियंका रावत निवासी धमतालपुरा जिला दतिया का शिवपुरी जिले के नरवर थानांतर्गत ग्राम खिरिया निवासी प्रदीप रावत से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रियंका के अनुसार दोनों ने आठ महीने पहले प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के बाद प्रदीप उसे अपने घर खिरिया लेकर गया। माही का कहना है कि वह वहां सिर्फ दो दिन ही रह पाई। ससुराल वालों ने शादी को स्वीकार नहीं किया।
आरोप है कि मारपीट की गई और दहेज की मांग की गई। इसके बाद उसे मायके छोड़ दिया गया। जब मामला तूल पकड़ा तो परिवार और रिश्तेदारों ने भरोसा दिलाया कि समाज की पंचायत में बैठकर मामला सुलझा दिया जाएगा। माही का आरोप है कि आठ महीने में सुलझाने का कोई प्रयास नहीं हुआ। उल्टा इस बीच प्रदीप की भितरवार निवासी एक लड़की से दूसरी सगाई कर दी गई। अगले महीने उसकी शादी भी होने वाली है।
माही के अनुसार, जब उसे पति की दूसरी शादी की जानकारी लगी, तो वह 6 नवंबर को अपने मायके वालों के साथ बात करने के लिए खिरिया पहुंची। उसका आरोप है कि वहां प्रदीप रावत, कुलदीप रावत, पूजा रावत, विकास रावत, गट्टा रावत, करण सिंह रावत और राहुल रावत ने उसके, उसके स्वजनों और साथ गए लोगों के साथ मारपीट की। गाड़ियां फोड़ीं और साथ गई महिलाओं के जेवर व पैसे लूट लिए।
माही का कहना है कि वह एफआईआर कराने के लिए दोपहर 12 बजे नरवर थाने पहुंच गई थी, लेकिन उसकी एफआईआर रात 8:30 बजे तब की गई, जब उसने थाने में ही आत्महत्या की धमकी दी। तब असली घटना को साइड करके तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर एफआईआर दर्ज की गई। प्रियंका के अनुसार लूट की घटना को पुलिस ने गहने गिरना बता दिया। जब उसने कहा कि इसमें लूट की धाराएं लगाओ, तो टीआई ने साफ मना कर दिया। इतना ही नहीं, माही का यह भी आरोप है कि इस मामले में हरिजन एक्ट की धारा भी नहीं लगाई गई।
माही ने सीधे तौर पर टीआई अरुण प्रताप सिंह पर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि टीआई सुनवाई नहीं कर रहे, इसलिए उसे जहर खाना पड़ा।
पीड़िता के अनुसार, 16 नवंबर को जब वह एसपी ऑफिस पहुंची थी, तो एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा था कि मामले में उचित धाराओं में और जो घटना है, उसके अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। एसपी ने उसे नरवर थाने भी भेजा था। माही का आरोप है कि थाने में टीआई ने स्पष्ट रूप से कह दिया कि वह इस मामले में कोई धारा नहीं बढ़ाएंगे। आप जाकर एसपी मैडम से ही धाराएं बढ़वा लो। माही का कहना है कि इसी बात से क्षुब्ध होकर वह आज अपना सुसाइड नोट लेकर एसपी मैडम के पास पहुंची थी, जो उसने उन्हें दे भी दिया है। उसने यह बताने से इनकार कर दिया कि उसने जहर पुलिस कंट्रोल रूम में खाया या कहीं और, लेकिन यह स्वीकार किया कि उसने टीआई द्वारा सुनवाई न किए जाने के चलते जहर खाया है।
इस मामले में जब टीआई अरुण प्रताप सिंह से बात की गई तो उनका कहना था कि इस मामले में घटना वाले दिन ही उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई थी। उस दिन कोई ऐसा व्यक्ति महिला ने पेश नहीं किया था, लेकिन कल एक महिला को पेश किया, जिसके बयानों के आधार पर हमने हरिजन एक्ट की धारा बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें- 'नदी साफ रखने में विभाग क्यों नाकाम', ग्वालियर की स्वर्ण रेखा नदी में गंदगी पर MP हाईकोर्ट की फटकार
आगे विवेचना में लूट किए जाने के तथ्य व साक्ष्य सामने आते हैं तो वह धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी। हमने कहीं भी तथ्यों से छेड़छाड़ नहीं की है। इस संबंध में जब पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति को फोन लगाया गया, तो उन्होंने फोन अटेंड नहीं किया।